नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। खासकर उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली में 7 और 8 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी दी है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
तेज धूप और चुभती गर्मी से बेहाल लोग
दिल्ली-NCR सहित पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में दोपहर के वक्त बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में अगले 5-6 दिनों तक लू चलने की आशंका है।
अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। मध्य भारत में अगले 7 दिनों के दौरान 2 से 4 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र में भी अगले सप्ताह 3 से 4 डिग्री तापमान बढ़ सकता है। गुजरात में अगले चार दिनों में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। दक्षिण भारत में 2 दिन स्थिर तापमान के बाद 3 दिन तापमान में वृद्धि हो सकती है।
दिल्ली में अगले 6 दिन लू का अलर्ट
IMD मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 6 दिन का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39°C से 42°C के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20°C से 23°C के बीच रहेगा। लू और तेज धूप के कारण स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। गर्मी के बीच कुछ राज्यों में बारिश की संभावना भी जताई गई है, दक्षिण भारत: केरल, तमिलनाडु, दक्षिणी कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना। पूर्वोत्तर भारत असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि और बिजली कड़कने की संभावना है। अलर्ट जारी: असम और मेघालय के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लू से बचाव के लिए सुझाव
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलें हल्के और ढीले कपड़े पहनें पानी और नींबू पानी का अधिक सेवन करें बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।





