नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) को लेकर राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों ने अपनी अपनी कमर कस ली है। चुनाव आयोग झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर चुका है। झारखंड में विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होंगे। चुनाव आयोग ने झारखंड में पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान की तारीख 13 नवंबर 2024 और दूसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान की तारीख 20 नवंबर 2024 रखी है। EC 23 नवंबर 2024 को झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित कर देगा। वहीं NDA ने सीट बंटवारे को लेकर 19 अक्टूबर 2024 को ही फैसला ले लिया था। जिससे JDU पार्टी बिल्कुल भी खुश नहीं है।
JDU NDA से सीट बंटवारे में मिली 2 सीटों को लेकर नाराज है
NDA के सीट बंटवारे के अनुसार, बीजेपी 68 विधानसभा सीटों, आजसू 10 विधानसभा सीटों, JDU 2 विधानसभा सीटों और LJP 1 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। JDU झारखंड विधानसभा चुनाव में NDA से सीट बंटवारे में मिली केवल 2 सीटों को लेकर नाराज है।
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री और JDU मुखिया नीतीश कुमार झारखंड में सीट बंटवारे को लेकर NDA से नाराज हैं। JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने 20 अक्टूबर 2024 को सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि NDA ने सीट बंटवारे में हमें 2 विधानसभा सीटें दी हैं। जो कि बहुत ही कम है, हमने इसको लेकर NDA के शीर्ष नेताओं से अनुरोध किया है। हमने NDA से सीट बंटवारे में मिली 2 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। हमारी पार्टी ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से सरयू राय और तमाड़ विधानसभा सीट से राजा पीटर को अपना उम्मीदवार बनाया है।
झारखंड में हमारी पार्टी का हमेशा से मजबूत जनाधार रहा है: JDU
JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि झारखंड में हमारी पार्टी का हमेशा से मजबूत जनाधार रहा है। पार्टी ने जिन 2 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है, वे पहले भी विधायक और मंत्री रह चुके हैं। इसके बाद संजय झा ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि हमारी पार्टी NDA के साथ गठबंधन करके ही झारखंड विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। जहां तक सीट बंटवारे का सवाल है, हमने NDA के शीर्ष नेताओं से कुछ और सीट देने का आग्रह किया है।




