नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई या 24 जुलाई को बजट पेश कर सकती हैं। बता दें कि वार्षिक बजट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दी गई है। सभी देशवासियों की नजरें मोदी सरकार के पेश होने वाले इस बजट पर है।
सीतारमण मानसून सत्र की शुरुआत के 2 दिन बाद बजट पेश कर सकती हैं
जानकारी के अनुसार मानसून सत्र की शुरुआत 22 जुलाई 2024 से होगी और 9 अगस्त 2024 तक चलेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मानसून सत्र की शुरुआत के एक या 2 दिन बाद बजट पेश कर सकती हैं। अभी 18वीं लोकसभा का पहला सत्र चल रहा है, यह सत्र 24 जून 2024 से शुरू हुआ है, जो 4 जुलाई 2024 तक चलेगा। निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री का कार्यभार संभालते ही अपने अधीनस्थ के साथ बजट की तैयारी में लग गई थी।
बजट 2024-25 को लेकर प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बजट से पहले परामर्श
वित्त मंत्री ने 19 जून 2024 को आगामी बजट 2024-25 को लेकर प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बजट से पहले परामर्श किया। इसके बाद उन्होंने वित्तीय और पूंजी बाजार क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ बजट से पहले बैठक की। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 21 जून 2024 को किसान संघों और कृषि अर्थशास्त्रियों के प्रतिनिधियों के साथ बजट से पहले बैठक की। इसके बाद उन्होंने 24 जून 2024 को ट्रेड यूनियनों और श्रमिक संगठनों के साथ बजट से पहले बैठक करके उनसे उनकी मांग पूछी।
वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा चुनाव से पहले 1 फरवरी 2024 को अंतरिम बजट 2024-25 पेश किया था। मानसून सत्र में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट पेश करेंगी। निर्मला सीतारमण जैसे ही यह बजट पेश करेंगी उसके साथ ही वह एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी। दरअसल निर्मला सीतारमण भारत के इतिहास में पहली ऐसी वित्त मंत्री बन जाएगी जिनके नाम लगातार 7 बजट पेश करने का रिकॉर्ड बन जाएगा। निर्मला सीतारमण अभी पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई द्वारा बनाए गए 6 बार बजट पेश करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर रही हैं। जैसे ही निर्मला सीतारमण 7 वां केंद्रीय बजट पेश करेंगी, इसके साथ ही वह पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई का रिकॉर्ड तोड़ देंगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





