नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार को केंद्र सरकार ने हाल ही में Z+ सिक्योरिटी दी है। जिसके संबंध में शरद पवार का भी बयान सामने आ गया है। शरद पवार ने केंद्र के द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा पर हैरानी जताते हुए कहा कि हो सकता है कि Z+ सिक्योरिटी से मेरे संबंध में प्रमाणिक जानकारी निकाली जा सके। बता दें कि महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
मेरे बारे में जानकारी निकालना चाहती है BJP
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शरद पवार ने कहा कि गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने मुझे जानकारी दी कि केंद्र ने तीन लोगों को जेड प्लस सुरक्षा देने का फैसला किया है। जिसमें से एक मैं भी हूं। फिर मैने पूछा कि दो अन्य लोग कौन हैं ? तो उसने मुझे बताया कि एक RSS प्रमुख मोहन भागवत हैं और दूसरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैं। शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है। हो सकता है कि वो लोग मेरे बारे में पुख्ता जानकारी निकालने की व्यवस्था कर रहे हों।
CRPF के 55 जवानों की टीम देगी सुरक्षा
गौरतलब है कि गृह मंत्रालय ने CRPF को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार को सुरक्षा देने के लिए कहा है। शरद पवार की सुरक्षा में CRPF के 55 सशस्त्र जवानों की एक टीम को तैनात किया गया है। वहीं सूत्रों के अनुसार केंद्रीय एजेंसियों ने खतरे का आकलन की समीक्षा कर शरद पवार को मजबूत सुरक्षा प्रदान करने की सिफारिश की गई है।
साल के अंत तक महाराष्ट्र में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
महाराष्ट्र में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र में इस समय महायुति की सरकार है। महायुति के घटक दलों में BJP, एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना और अजीत पवार वाली NCP है। वहीं महाविकास अघाड़ी विपक्ष की भूमिका में है। महाविकास अघाड़ी में यूबीटी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शरद पवार की NCP, सपा, PWPI, CPIM(M)और निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
बता दें कि, VIP सुरक्षा श्रेणी में जेड प्लस सुरक्षा सर्वोच्च होती है। इसको किसी वीआईपी को उसके पद या जान के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार के द्वारा दी जाती है। इस सुरक्षा श्रेणी में Z+ के बाद Z, Y+, Y और X आते हैं।





