नई दिल्ली, रफ्तार। नरेंद्र मोदी आज शाम प्रधानमंत्री पद और एनडीए संसदीय दल के नेता पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही मोदी कैबिनेट के मंत्री अपने-अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इनमें 4 पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। इनके नाम हैं-राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और कुमार स्वामी। इनके अलावा नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अर्जुन राम मेघवाल फिर मंत्रालय संभालेंगे।
इन्हें भी मिलेगी जिम्मेदारी
टीडीपी सांसद राम मोहन नायडू भी मंत्री बनाए जाएंगे। LJP(R) से चिराग पासवान, जदयू नेता रामनाथ ठाकुर, ललन सिंह, HAM के जीतन राम मांझी, अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी मंत्री बनाया जा सकता है। हरियाणा से मनोहर लाल, राव इंद्रजीत को भी कॉल गई है। ऐसे कयास हैं कि कैबिनेट में यूपी-राजस्थान और गुजरात की हिस्सेदारी घटेगी। इन नेताओं को प्रधानमंत्री आवास बुलाया गया है।
शाम 7:15 बजे लेंगे शपथ
नरेंद्र मोदी शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने सुबह महात्मा गांधी और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। फिर नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को नमन किया।
नेहरू के रिकॉर्ड की करेंगे बराबरी
आज तीसरी बार शपथ लेने के साथ मोदी पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू के लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। नेहरू 1952, 1957, 1962 में लगातार 3 बार पीएम बने थे। तब नेहरू की सरकार पूर्ण बहुमत की थी। मोदी की तीसरी पारी गठबंधन पर चलेगी। 1990 के दशक से गठबंधन की राजनीति चल रही थी। इसको मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत हासिल कर तोड़ा था। अब 2024 में भाजपा 240 सीटों पर सिमटी और बहुमत के लिए उसे सहयोगी दलों की जरूरत पड़ी।
7 पड़ोसी देशों के प्रमुख होंगे शामिल
मोदी के शपथ समारोह में चीन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान को छोड़कर 7 पड़ोसी देशों-श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, सेशेल्स, मॉरिशस, नेपाल और भूटान के राष्ट्र प्रमुख शामिल होने वाले हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





