नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । मुंबई में बीती रात (15 जून) को हुए बारिश ने पूरे इलाकें में जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज लोगों को जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन में देरी की चिंता ने घेर लिया। मायानगरी में लगातार हो रही बारिश और खराब ड्रेनेज सिस्टम ने शहर की कई सड़कों को डुबो दिया है। मॉनसून में भारी बारिश के चलते पूरा शहर पानी-पानी हो गया है।
पश्चिमी उपनगरों में स्थित वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर यातायत बाधित है। सड़को पर भयंकर जाम लग गया है, जिससे बोरीवली से बांद्रा की ओर जाने वाले विले पार्ले, अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव और मलाड जैसे इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। सप्ताह के पहले दिन की शुरुआत करने वाले लोगों को इस जाम से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आधे घंटे में होने वाला सफर ले रहा 2 से 2:30 घंटा
विले पार्ले से मलाड का आधे घंटे में तय होने वाला सफर इस ट्रैफिक जाम के कारण दो से ढाई घंटे में पूरा हो रहा है। लोग समय पर दफ्तर पर नहीं पहुंच पा रहे है। यातायात पुलिस की ओर से हालात सुधारने के प्रयास जारी हैं, लेकिन भारी बारिश के बीच ट्रैफिक का बहाल होना बड़ी चुनौती बन गया है।
रत्नागिरी में बने हैं बाढ़ जैसे हालात
दूसरी ओर, बीती रात मुंबई महानगर में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए तो वहीं, महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। संगमेश्वर के रामपेठ बाजार में शास्त्री नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से इलाकों में गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
बीते दिनों भारी बारिश के चलते नदियां खतरे के निशान से ऊपर जा रही है, जिससे कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। इससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
रामपेठ की मुख्य सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गई। इलाकें का पूरा यातायात ठप हो चुका है। नागरिकों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को तैनात किया है ताकि किसी बड़ी घटना को टाला जा सके।




