नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने आज 28 मार्च को दोपहर 1 बजे एमपी बोर्ड कक्षा 5वीं और 8वीं रिजल्ट 2025 घोषित कर दिया है। छात्र अपना रिजल्ट राज्य शिक्षा केंद्र पोर्टल rskmp.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इन दाेनों परीक्षाओं में 22 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर या आईडी डालना होगा।
रिजल्ट चेक करने का प्रोसेस
– RSKMP की आधिकारिक वेबसाइट rskmp.in पर जाएं।
– होम पेज पर उपलब्ध एमपी बोर्ड कक्षा 5, 8 रिजल्ट 2025 लिंक पर क्लिक करें।
– एक नया पेज खुलेगा जहां उम्मीदवारों को रोल नंबर या आईडी दर्ज करना होगा।
– सबमिट पर क्लिक करें और आपका रिजल्ट प्रदर्शित होगा।
– रिजल्ट चेक करें और पेज डाउनलोड करें, आगे की जरूरत के लिए उसकी हार्ड कॉपी रखें।
इतने छात्र हुए थे परीक्षा में शामिल
एमपी बोर्ड की कक्षा 5वीं और आठवीं की परीक्षा में कुल 22,85,000 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इसमें पांचवीं की परीक्षा में 11.17 लाख और आठवीं की परीक्षा में 11.68 परीक्षार्थी शामिल थे। ये परीक्षाएं 24 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित हुई थीं। एमपी बोर्ड 5वीं और 8वीं की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पूरे राज्य में 322 केंद्र बनाए गए थे, वहीं कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 1,19,000 से अधिक शिक्षकों को नियुक्त किया गया था।
पिछले साल की तुलना में इतने घटे छात्र
मध्य प्रदेश बोर्ड पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षा में पिछले साल की तुलना में इस साल परीक्षार्थियों की संख्या घटी है। 2024 में करीब 24 लाख स्टूडेंट्स ने 5वीं और 8वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इनमें से करीब 12 लाख स्टूडेंट्स 5वीं क्लास में और 11 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने आठवीं क्लास की परीक्षा में शामिल थे।




