नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर ढक्का इलाके में एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम को लोगों ने घर में बंद कर बंधक बना लिया। मौके पर पहुंचे अन्य पुलिस अधिकारियों ने बंधक बनाए गए जवानों को छुड़ाया और मामले में कार्रवाई की गई।
कटघर थाने से जांच के लिए पहुंचे थे पुलिसकर्मी
कटघर थाने में तैनात आरक्षी अंचुल तोमर और नवीन चन्द्र जोशी को एक महिला अर्चना शर्मा ने शिकायत पत्र दिया था। इस शिकायत की जांच के लिए पुलिसकर्मी मझोला थाना क्षेत्र पहुंचे। वहां दो और जवानों के साथ मिलकर आरोपी पक्ष से पूछताछ करने गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी एक अन्य व्यक्ति के घर में मौजूद हैं। जब पुलिस उस घर में पहुंची तो वहां मौजूद राजेश कुमार शर्मा, गौरव शर्मा, प्रीति और मुनेन्द्र ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और उन्हें एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया।
चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया
बंदी बनाए गए जवानों ने किसी तरह चौकी प्रभारी रामतलैया विपिन कुमार को फोन करके सूचना दी। इसके बाद चौकी प्रभारी और सिपाही जितेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और कमरे का ताला खोलकर पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी राजेश, गौरव, प्रीति और मुनेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कटघर से आए पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और बंधक बनाए जाने की घटना गंभीर है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।




