नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तराखंड में इस बार मानसून ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में एक से दो बार तेज बारिश होने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और चंपावत जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक हालात बिगड़ गए हैं। नदियां उफान पर हैं, कई सड़कों पर यातायात बाधित है और भूस्खलन की घटनाओं ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात
राज्य के अनेक हिस्सों में भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया हैं। गंगा, यमुना, अलकनंदा और सौंग नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और हरिद्वार जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। देहरादून के मालदेवता इलाके में सौंग नदी के उफान ने आसपास के गांवों को जलमग्न कर दिया है। उत्तरकाशी में हाल ही में बादल फटने की घटना ने हालात और भी बिगाड़ दिए हैं। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की चेतावनी जारी की है।
लगातार बारिश से भूस्खलन का कहर, कई प्रमुख मार्ग बंद
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश ने भूस्खलन की घटनाओं को तेज कर दिया है। केदारनाथ की पैदल यात्रा मार्ग सहित धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा और भारी पत्थर गिरने से यातायात ठप हो गया है। कई महत्वपूर्ण सड़कें अवरुद्ध हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम की मार और रास्तों की दुर्दशा के चलते यात्रा मार्गों पर खतरा बना हुआ है।
बुधवार को बदला रहा मौसम, कुछ इलाकों में हुई बारिश
बुधवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। देहरादून में सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर तक आसमान में बादल घिर आए। कुछ इलाकों में करीब एक घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद फिर से मौसम साफ हो गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी दिन में बारिश की एक-दो बौछारें पड़ीं, लेकिन बाद में कई जगहों पर धूप निकल आई।
जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
गुरुवार को देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालिया बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन इसके साथ-साथ कई क्षेत्रों में समस्याएं भी बढ़ा दी हैं। कुमाऊं मंडल के नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि गढ़वाल क्षेत्र में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश भर में 8 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। गुरुवार को भी अधिकांश जिलों में एक से दो बार वर्षा होने की संभावना है।
तेज बारिश से बढ़ सकता है नदी-नालों का बहाव, अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले समय में तेज बारिश के चलते नदी-नालों में जलप्रवाह अचानक तेज हो सकता है। जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। साथ ही, कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इधर, कुछ इलाकों में धूप निकलने के चलते मैदानी क्षेत्रों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक तापमान पंतनगर में 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।





