नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया है कि पिछले हफ्ते दुबई से केरल आया एक शख्स मंकी पॉक्स पॉजीटिव पाया गया है। यह देश में सामने आया दूसरा मामला है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह शख्स मालापुरम जिले का रहनेवाला है और वह इलाज के लिए मांजेरी के सरकारी अस्पताल और कॉलेज पहुंचा। उसने बुखार और स्किन रैशेज की शिकायत दर्ज कराई थी।
टेस्टिंग के लिए मरीज के सैंपल कोझीकोड मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज में मंकीपॉक्स जैसे लक्षण पाए गए और उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग को सचेत भी कर दिया गया है। टेस्टिंग के लिए मरीज के सैंपल कोझीकोड मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे जो पॉजीटिव आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है और उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। मरीज इस दौरान जिन लोगों से मिला है उन्हें भी आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है।
लक्षण है तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें
स्वास्थ्य राज्य मंत्री वीना ने कहा कि जो लोग दूसरे देशों से आ रहे हैं और उनमें लक्षण हैं तो वो तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। राज्य के 14 सरकारी अस्पतालों और सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में उपचार और आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
उन्होंने लोगों से एमपॉक्स मामले के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा और कहा कि वैश्विक स्तर पर संक्रमण की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी हवाई अड्डों पर निगरानी सुविधाओं को मजबूत किया गया है।
इससे पहले हरियाणा में सामने आया था मामला
इससे पहले 7 सितंबर को हरियाणा के हिसार में मंकी पॉक्स का मामला सामने आया था। उसे भी आइसोलेशन में भेज दिया गया था। यह बीमारी व्यक्ति से व्यक्ति तक पहुंचती है।




