– मुख्यमंत्री ने कहा, वनाग्नि रोकने के लिए सरकार गंभीर – केंद्र सरकार और गृहमंत्री शाह का जताया आभार देहरादून, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार के सहयोग सोमवार को जंगलों में तबाही मचा रही आग को बुझाने के लिए टिहरी जनपद के नरेन्द्र नगर रेंज में वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टर ने आपरेशन चलाया। यह आपरेशन जारी रहेगा। मौसम खराब होने की वजह से पानी के छिड़काव को रोकना पड़ा है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने तत्काल एमआई-17 हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वनाग्नि के प्रकोप को कम करने के लिए राज्य सरकार पूरी गम्भीरता से प्रयास कर रही है। इसके लिए हर जरूरी संसाधन का उपयोग किया जा रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर उत्तराखण्ड के जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वनाग्नि को रोकने के लिए वन विभाग तत्पर है। विभाग के अधिकारियों और कर्मचरियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया जा रहा है। प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय, नरेन्द्रनगर वन प्रभाग, मुनि की रेती से मिली जानकारी मुताबिक वायु सेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टर के माध्यम से जंगलों में आग को बुझाने का शुरुआती चरण गढ़वाल में आज टिहरी जनपद अन्तर्गत नरेन्द्रनगर वन प्रभाग के नरेन्द्रनगर रेंज में अदवाणी क्र.सं.-04 एवं तमियार (फकोट ब्लॉक, टिहरी) में वनाग्नि को बुझाने का कार्य किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे हेलीकॉप्टर देहरादून एयरपोर्ट पर उतरा। प्रारम्भिक तैयारियों के पूर्ण होने के उपरान्त प्रातः दस बजे बजे एयर ऑपरेशन प्रारम्भ किया गया। प्रारम्भिंक रेकी कार्य प्रभावित क्षेत्रों के ऊपर दो बार किया गया। 10 हजार लीटर पानी का छिड़काव इसके पश्चात कोटी कॉलोनी, टिहरी झील से 5,000 लीटर की बकेट में पानी भरकर वनाग्नि से प्रभावित जंगलों में 4 सोर्टियों के माध्यम से दो बार 10,000 लीटर पानी का छिड़काव कर वनाग्नि को नियंत्रित किया गया। एयर ऑपरेशन दोपहर बारह बजकर 40 मिनट तक जारी रहा। इस दौरान विपरीत मौसम के कारण ऑपरेशन को रोकना पड़ा। कल दोबारा सुबह ऑपरेशन शुरू किया जायेगा। प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के समन्वयन में विभाग, सिविल एविएशेन विभाग,जिला प्रशासन, वायु सेना एवं स्थानीय स्टाफ की ओर से सहयोग प्रदान किया गया। एयर ऑपरेशन के लिए सवेंदनशील क्षेत्रों का चयन हेलीकॉप्टर क्रू के साथ समन्वय प्रभागीय वनाधिकारी, नरेन्द्रनगर वन प्रभाग द्वारा किया गया तथा ग्राउंड लेवल पर समन्वय प्रभागीय वनाधिकारी, टिहरी वन प्रभाग द्वारा, लोजिस्टक सपोर्ट उप जिलाधिकारी, टिहरी द्वारा तथा ग्राउंड सपोर्ट अधिशासी अभियन्ता सिंचाई खंड, नई टिहरी ने प्रदान किया। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद




