नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली से बेंगलुरु जा रही अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट में बम होने की धमकी के कारण दिल्ली में वापस इमरजेंसी लैंडिग करा ली गई। अकासा एयरलाइंस QP 1335 की फ्लाइट थी, इस फ्लाइट में 174 यात्री, 3 शिशु और 7 क्रू के सदस्य सवार थे। बम की धमकी मिलने के बाद तुरंत फ्लाइट के कैप्टन को सूचित किया गया और फ्लाइट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट कराया गया।इसके साथ ही गृह मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाते हुए इस तरह की धमकी देने वालों को नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया है।
इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट को भी किया गया था डायवर्ट
इससे पहले मंगलवार रात को मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद उसे अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया था।
सोमवार को विमान में बम की धमकी मिली थी
इससे पहले सोमवार को एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि प्लेन में बम होने की धमकी मिली थी जिसके बाद सुरक्षा कारणों से न्यूयॉर्क सहित तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बीच रास्ते से लौट आईं थी। इसी प्लेन को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और यात्रियों को उतार दिया गया। न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान और इंडिगो द्वारा ओमान की राजधानी मस्कट और सऊदी अरब के बंदरगाह शहर जेद्दा के लिए संचालित दो उड़ानों में बम की अफवाह की सूचना मिली थी। सभी फ्लाइट्स ने मुंबई से उड़ान भरी थी।
केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी ने बुलाई थी उच्च स्तरीय बैठक
इस बीच, रविवार से मंगलवार के बीच मिली 10 बम धमकियों के बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने एक उच्च स्तरीय बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट दी है। बैठक की अध्यक्षता नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने की और बैठक में नागरिक उड्डयन ब्यूरो, CSIF और हवाईअड्डे के सुरक्षा के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जिन लोगों ने धमकी दी है वो कभी फ्लाइट में नही सफर कर पाएंगे
गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि जो लोग फर्जी धमकियां दे रहे हैं उन्हें नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया गया है। उड़ानों में स्काई मार्शल भी दोगुने किए जाएंगे। आपको बता दें कि पिछले 2 दिनों में 10 धमकियां मिल चुकी हैं।
सोशल मीडिया के जरिए मिल रही धमकियां
CISF ने इस बात की पुष्टि की है कि सोशल मीडिया पर 10 से ज्यादा बम की धमकियां मिली हैं। धमकी भरे पोस्ट भेजने वाले का पता लगाने के लिए कई एजेंसियों को शामिल करते हुए एक विस्तृत ऑपरेशन शुरू किया गया है।





