नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली और सोनीपत के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन को समयपुर बादली से सोनीपत तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत नाथुपुर के रास्ते मेट्रो को सोनीपत तक विस्तार दिया जाएगा।
DMRC तैयार करेगा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट DPR
सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन DMRC इस विस्तार की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट DPR तैयार करेगा। इस रिपोर्ट में परियोजना की लागत, तकनीकी पहलू और निर्माण की समयसीमा का उल्लेख किया जाएगा। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इसकी पुष्टि की है।
हरियाणा के यात्रियों को मिलेगा फायदा
दिल्ली मेट्रो पहले ही फरीदाबाद, बहादुरगढ़ और गुरुग्राम तक अपनी सेवाएं दे रही है। अब इस विस्तार के बाद हरियाणा का एक और प्रमुख शहर सोनीपत भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे हजारों यात्रियों को फायदा होगा और दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।
नए कोरिडोर पर चल रहा है काम
फिलहाल, दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन 47.2 किलोमीटर लंबी है और यह समयपुर बादली से लेकर गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर तक फैली हुई है। इस लाइन पर कुल 37 स्टेशन हैं और यह कई प्रमुख स्थानों को जोड़ती है।येलो लाइन के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल हैं, समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18-19, हैदरपुर बादली मोड़, न्यू दिल्ली, राजीव चौक और पटेल चौक। इनमें राजीव चौक और न्यू दिल्ली स्टेशन खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाके हैं, जो दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक और परिवहन केंद्रों से जुड़े हुए हैं। दिल्ली मेट्रो अब एक और नए कॉरिडोर पर काम कर रही है, जिसकी लंबाई 26.5 किमी होगी और इसमें 21 स्टेशन होंगे। यह लाइन रिठाला से नाथुपुर तक जाएगी और रोहिणी, बवाना और नरेला जैसे क्षेत्रों को जोड़ेगी। इस प्रोजेक्ट के तहत प्रमुख स्टेशन होंगे। रिठाला, रोहिणी सेक्टर 25, 26, 31, बवाना, नरेला, नाथुपुर,स्टेशन होंगे। वर्तमान में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 395 किलोमीटर लंबा है और इसमें 12 ऑपरेशनल लाइनें शामिल हैं। दिल्ली मेट्रो हर दिन लगभग 64 लाख यात्रियों को सफर कराती है। 18 नवंबर 2024 को 78.67 लाख यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में यात्रा कर रिकॉर्ड बनाया था।
यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
इस नए विस्तार से दिल्ली और सोनीपत के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही, यह प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों को जोड़ने में भी मदद करेगा। DMRC जल्द ही DPR तैयार कर इस योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ेगा। यह परियोजना NCR के लिए एक बड़ा बदलाव लाएगी और भविष्य में यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और तेज परिवहन सेवा प्रदान करेगी।





