नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली मेट्रो की सबसे ज्यादा व्यस्त ब्लू लाइन पर मोती नगर और कीर्ति नगर के बीच केबल चोरी का बड़ा मामला सामना आया है। यह चोरी रात के समय मेट्रो की सेवाएं खत्म होने के बाद की गई है, जिसके कारण दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रूट पर सेवाएं बाधित हुई है, इस रूट पर जाने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रूट पर मेट्रो देरी से चल रही है। DMRC ने आज 5 दिसंबर 2024 को जानकारी दी है कि दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रूट पर इस तरह की समस्या आज पूरे दिन बनी रहेगी। बता दें कि दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन दिल्ली के द्वारका को गाजियाबाद के वैशाली और नोएडा से जोड़ती है।
DMRC ने इस बड़ी असुविधा के लिए खेद जताया है
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(DMRC) ने आज 5 दिसंबर 2024 को सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी है कि दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रूट पर मोती नगर और कीर्ति नगर के बीच केबल चोरी कर ली गई है। DMRC ने कहा है कि आज रात 5 दिसंबर 2024 को मेट्रो सेवाएं समाप्त होने के बाद ही इस समस्या को ठीक किया जा सकेगा। दिन के समय दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रूट पर मेट्रो सीमित गति से चलेंगी, इसलिए मेट्रो सेवाओं में कुछ देरी होगी।
DMRC ने इस बड़ी असुविधा के लिए खेद जताया है। इसके साथ ही DMRC ने इस रूट से जाने वाले यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना को स्थिति के अनुसार तय करें, क्योंकि यात्रा में पहले की तुलना में अधिक समय लगेगा।
इससे पहले भी दिल्ली मेट्रो में केबल की चोरी हुई थी
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले अगस्त के महीने में भी दिल्ली मेट्रो में इस तरह की चोरी की घटना सामने आई थी। चोरों ने उस समय झिलमिल से मानसरोवर पार्क के बीच मेट्रो कॉरिडोर पर सिग्नल का केबल चोरी कर लिया था। जिसके कारण दिलशाद गार्डन से शाहदरा तक के रूट पर बड़ा असर पड़ा था।




