नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर है। इस बार धमकी ऐसी मिली है कि पुलिस की सुरक्षा चौकसी बढ़ गई है। मुंबई पुलिस को व्हाट्सएप पर एक ऐसा मैसेज मिला है, जिसमें 14 पाकिस्तानी आतंकियों के शहर में घुसने की बात कही गई है। साथ ही 400 किलो RDX से लैस 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब लगाए जाने की भी सूचना है। धमकी में दावा किया गया है कि इस ब्लास्ट से लगभग एक करोड़ लोगों की जान जा सकती है।
26/11 की भयावह यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि मुंबई पर एक और आतंकी तूफान की आहट सुनाई देने लगी है। इस बार खतरा कहीं ज्यादा बड़ा, कहीं ज्यादा खतरनाक और कहीं ज्यादा सुनियोजित है।
अनंत चतुर्दशी पर आई धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर
अनंत चतुर्दशी के मौके पर मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस को यह धमकी भरा मैसेज मिला, जिससे पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। धमकी देने वालों ने ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का नाम भी लिया है। पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
26/11 जैसे बड़े हमले की आहट
मुंबई को यह धमकी 26/11 जैसे भयानक हमले से भी बड़ा हमला बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और जांच तेज कर दी है। इससे पहले भी इस शहर को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में आतंकी और भारी मात्रा में विस्फोटक की बात पहली बार सामने आई है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी, पर इस बार खतरा अधिक गंभीर
कुछ हफ्ते पहले वारली के फोर सीजन होटल में बम ब्लास्ट की सूचना पुलिस को मिली थी, जबकि 14 अगस्त को ट्रेन में धमाके की भी चेतावनी मिली थी। 26 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को उड़ाने की धमकी भी आई थी, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
अब मुंबई पुलिस और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी को लेकर कड़ी निगरानी में जुट गई हैं। मुंबईवासियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और घबराएं नहीं।





