नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। सौरभ की हत्या उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर की थी। हत्या को छुपाने के लिए मुस्कान ने सबसे ये कहा कि सौरभ पहाड़ों में घूमने गया है और वो खुद भी उसका फोन लेकर मनाली चली गई और उसके वॉट्सऐप से उसके परिवार से बात करने लगी।
बहन को किया था वॉट्सऐप मैसेज
सौरभ की हत्या 4 मार्च को कर दी गई थी। लेकिन 6 मार्च को सौरभ के फोन से उसकी बहन चिंकी के पास मैसेज गया। जिसमें पूछा था कि क्या वो होली पर घर आ रही है। तब चिंकी को पता नहीं था कि उसका भाई अब इस दुनिया में नहीं है। उसे लग रहा था कि उसका भाई ही उसे मैसेज कर रहा है। चिंकी, उससे मैसेज में बात करती रही।
न्यूज़ वेबसाइट NDTV ने सौरभ की बहन के वॉट्सऐप के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए हैं। 6 मार्च के मैसेज में सौरभ के फोन से किए गए मैसेज में पूछा गया कि क्या चिंकी होली में आएगी। जब उसने हां में जवाब दिया तब सौरभ के फोन से मैसेज किया गया कि वो बाहर गया है और त्योहार के बाद ही लौट पाएगा। 8 मार्च को चिंकी ने उससे पूछा कि वो अपनी बेटी को लेकर क्यों नहीं गए? तो सौरभ के फोन से मैसेज आया कि वो जहां है वहां -10 डिग्री तापमान है और बेटी बीमार पड़ जाती।
सौरभ के वॉट्सऐप से लोगों को होली की शुभकामनाएं भी भेजी गईं, ताकि किसी को उसके जिंदा न होने का शक न हो। होली के बाद 15 मार्च को जब चिंकी ने पूछा कि वो वापस कब आएगा तो उधर से जवाब आया कि अभी पार्टी होने वाली है, तो उसको पता नहीं है कि कब तक आ पाएगा। मैसेज में ये भी पूछा गया कि घर पर होली कैसी रही। 16 मार्च को चिंकी ने वॉट्सऐप पर कॉल किया। लेकिन कोई जवाब नहीं आया, अगले दिन भी उसने चार कॉल किए लेकिन किसी का जवाब नहीं आया। इसके बाद परिवार को शक हुआ और वो पुलिस के पास गई।
सौरभ के सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे फोटोज़
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश चले गए। वहां से वो सौरभ के फोन से फोटोज़ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे। ताकि उसके दोस्तों और परिवार को लगे कि वो ही पोस्ट कर रहा है। वो मैसेज पर जवाब भी दे रहे थे, इस वजह से किसी को शक भी नहीं हुआ।





