इंफाल, 17 मई (हि.स.)। असम राइफल्स के जवानों ने मणिपुर के टेंगनोपाल जिला में लीबी गांव के पास घने जंगल में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। असम राइफल्स के महानिरीक्षक (दक्षिण) कार्यालय ने एक बयान जारी कर सोमवार को इसकी जानकारी दी है। बयान में बताया गया है कि गुप्त सूचना के आधार पर सैनिकों ने लीबी गांव के जंगल में रविवार को एक अभियान शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान सैनिकों ने एक उग्रवादी ठिकाने का पर्दाफाश किया और लड़ाई के लिए एकत्र किये गये सामान को बरामद किया गया जिसमें एक एम-16 राइफल, रॉकेट लांचर के साथ गोला बारूद और म्यांमार की मुद्रा शामिल है। सूत्रों ने बताया कि उग्रवादी ठिकाने पर कोई आतंकी नहीं मिला। ठइकानी म्यांमार से लगी सीमा से करीब 10 किमी दूर था। संभवतः उग्रवादी सुरक्षा बलों के आने की जानकारी मिलते ही ठिकाने से फरार होने में सफल हो गये। असम रायफल के बयान में कहा गया है कि बरामद हथियारों और अन्य सामानों को कानूनी कार्रवाई के लिए टेंगनोपाल पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस इस संबंध में कार्रवाई जारी रखे हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद




