नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को लंदन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केलॉग कॉलेज में भाषण दे रही थीं, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनका विरोध किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर आए थे और उन्होंने राज्य में चुनाव, हिंसा और आरजी कर कॉलेज मामले को लेकर नारेबाजी की। हालांकि, ममता बनर्जी ने शांत रहकर विरोध करने वालों को करारा जवाब दिया। जब कुछ छात्रों ने भाषण के दौरान हंगामा किया, तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुस्कुराते हुए कहा, “आप मेरा स्वागत कर रहे हैं, धन्यवाद। मैं आपको मिठाई खिलाऊंगी।” उनके इस जवाब पर हॉल में तालियां गूंज उठीं।
आरजी कर कॉलेज विवाद पर क्या बोलीं ममता?
जब प्रदर्शनकारियों ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज से जुड़े घोटाले का मुद्दा उठाया, तो ममता बनर्जी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “थोड़ा जोर से बोलिए, मैं आपकी बात नहीं सुन पा रही हूं। मैं आपकी हर बात सुनूंगी। क्या आपको पता है कि यह मामला केंद्र सरकार के हाथ में है? यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने जाधवपुर यूनिवर्सिटी से जुड़ी एक घटना का जिक्र किया, जिस पर ममता बनर्जी ने एक प्रदर्शनकारी को “भाई” कहकर संबोधित किया और कहा, “झूठ मत बोलो। मुझे तुमसे सहानुभूति है, लेकिन इसे राजनीति का मंच मत बनाओ। अगर तुम्हें राजनीति करनी है, तो बंगाल जाओ और अपनी पार्टी को मजबूत करो ताकि वे हमसे लड़ सकें।
“मेरा अपमान करके अपने संस्थान का अपमान मत करो”
जब प्रदर्शनकारियों ने विरोध जारी रखा, तो ममता बनर्जी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “मेरा अपमान करके अपनी संस्था का अपमान मत करो। मैं अपने देश की प्रतिनिधि बनकर यहां आई हूं। अपने देश का सम्मान करो।” बाद में आयोजकों और अन्य उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया और उन्हें बाहर जाने के लिए कहा।
“रॉयल बंगाल टाइगर की तरह चलती हैं दीदी”
बाद में ममता बनर्जी ने मजाकिया लहजे में कहा, “याद रखें, दीदी किसी से नहीं डरती। दीदी रॉयल बंगाल टाइगर की तरह चलती हैं। अगर आप मुझे रोक सकते हैं, तो रोक लीजिए!” तृणमूल कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “वह ममता बनर्जी नहीं झुकतीं, नहीं लड़खड़ातीं। जितना अधिक आप उन्हें रोकने की कोशिश करेंगे, वह उतनी ही जोश से दहाड़ेंगी। ममता बनर्जी एक रॉयल बंगाल टाइगर हैं! हालांकि, विरोध के बावजूद, ममता बनर्जी ने अपना भाषण पूरा किया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उनके जवाब और आत्मविश्वास की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।





