नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में महायुति सरकार बजट पेश कर रही है। वित्त मंत्री अजित पवार ने अतिरिक्त बजट पेश किया। जिसमें आगामी चुनाव को देखते हुए कई बड़ी घोषणायें की गई हैं। इस बजट में महिलाओं और किसानों पर काफी फोकस किया गया है।
महिलाओं को लेकर घोषणायें
महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने ‘माझी लाडकी बहिन‘ नाम से एक नई योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से दुर्बल महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये सरकार देगी। इसके अलावा महिलाओं को एक साल में सरकार की तरफ से 3 LPG गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। वहीं सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की लड़कियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देगी। सरकार ने घोषणा की है कि राज्य सरकार सूबे की 2 लाख लड़कियों के लिए 2 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
किसानों को क्या मिला?
इसके अलावा किसानों के लिए भी राज्य सरकार ने कई नई घोषणायें की है। राज्य के 46 लाख 6 हजार किसानों का बिजली बिल माफ करने की घोषणा की गई है। वहीं वन्य प्राणियों के हमले में मृत व्यक्ति के परिवार को 25 लाख रुपये तक आर्थिक सहायता दी जाएगी। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री अजीत पवार ने ऐलान किया है कि सरकार महाराष्ट्र में कपास और सोयाबीन की फसल के लिए सभी किसानों को 5 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के दर से बोनस देगी। इसके अलावा दूध उत्पादक किसानों को भी 5 रुपये प्रति लीटर बोनस मिलेगा। वहीं 43 लाख किसानों को सौर कृषि पंप दिया जाएगा। जिससे किसानों को मुफ्त बिजली मिल सके।
मुंबई रीजन को दी ये खास उपहार
वित्त मंत्री ने राज्य के लोगों को एक और खुशखबरी देने की घोषणा की है। अजीत पवार ने कहा है कि मुंबई रीजन के लिए डीजल पर टैक्स को 24 फीसदी से घटाकर 21 फीसदी किया जा रहा है। इससे डीजल के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक घट जाएंगे। वहीं मुंबई रीजन में पेट्रोल पर टैक्स को 26 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी किया जा रहा है। जिससे पेट्रोल की कीमत 65 पैसे प्रति लीटर घट जाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





