श्रीनगर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को तेंदुए के हमले में एक महिला घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांदरबल के वकुरा गांव में 54 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला की पहचान वकुरा निवासी बशीर अहमद की पत्नी आशा के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे विशेष इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया है। वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए को उसके प्राकृतिक आवास में स्थानांतरित करने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हाल के वर्षों में कश्मीर में मानव-पशु संघर्ष एक नियमित कहानी बन गई है। पारिस्थितिक विज्ञानी (इकोलॉजिस्ट) इसके लिए जंगली जानवरों के प्राकृतिक आवासों में घुसपैठ करने के लिए मनुष्य के लालच को दोष दे रहे हैं, जो मजबूरी में बसे हुए इलाकों में भोजन की तलाश करने आ जाते हैं। –आईएएनएस एकेके/एएनएम




