नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रसिद्ध कथावचक अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर बवाल मच गया है, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र में महिला अधिवक्ताओं ने मांग की है कि अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए और उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए बाध्य किया जाए। मथुरा बार एसोसिएशन की महिला वकील इसको लेकर खासा नाराज बार एसोसिएसन के सचिव और अध्यक्ष की मौजूदगी मे एक दल एसएसपी श्लोक कुमार के पास पहुंच गया है।
अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग
दरअसल, अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के खिलाफ विरोध की लहर उठ खड़ी हो गई है। अब मथुरा बार एसोसिएशन की महिला वकीलों ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए जोरदार प्रदर्शन करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
‘महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बयान’
बार एसोसिएशन परिसर में जुटीं महिला वकीलों ने ‘महिलाओं का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ का नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि, अनिरुद्धाचार्य माफी मांगें इसी के साथ ‘नारी शक्ति का अपमान बंद करो’ जैसे नारे लगाते हुए महिला वकीलों ने कहा कि किसी भी धार्मिक मंच से इस प्रकार की भाषा न केवल निंदनीय है। यह महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।
सामाजिक और कानूनी दायरे में भी चर्चा का विषय
इस दौरान मथुरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर महिला वकीलों के समर्थन में अपना पक्ष रखा है। जहां उन्होनें कहा, धार्मिक मंच से इस प्रकार की बयानबाजी समाज में जहर घोलने का काम करती है। ऐसी टिप्पणियों पर प्रशासन को सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। ताकि, आनेवाले समय में कोई भी व्यक्ति इस तरह के अपमानजनक शब्दों को बोलने से पहले सौ बार सोचे। इसी के साथ महिला वकीलों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो, वे अपना आंदोलन तेज करेंगी और कल कोर्ट सहित शहर में अनिरुद्धाचार्य का पुतला दहन कर विरोध प्रकट करेंगी। यह मामला अब न केवल धार्मिक क्षेत्र बल्कि, सामाजिक और कानूनी दायरे में भी चर्चा का विषय बन चुका है।
अनिरुद्धाचार्य के वीडियो के प्रति आक्रोश
महिला संगठनों से लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तक इस अनिरुद्धाचार्य के वीडियो के प्रति आक्रोश जता रहे है। हाल ही में, एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें वे मंच से महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद हर तरफ उनकी निंदा की जा रही है। अब देखना है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कार्यवाही करता है और क्या अनिरुद्धाचार्य को उनके विवादित बयान के लिए कानून के कटघरे में लाया जाएगा या नही।




