नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी राष्ट्रीय और स्थानीय पार्टियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं इस तैयारी में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं में नाराजगी भी दिखाई दे रही है। हरियाणा कांग्रेस की इस सूची में सबसे पहला नाम कुमारी सैलजा का ही है, जिनकी पार्टी से नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।
सैलजा हरियाणा की उकलाना सीट से चुनाव लड़ना चाहती थी
कुमारी सैलजा हरियाणा की उकलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहती थी। जिसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से भी ऐलान किया और अपनी बात पार्टी आलाकमान तक भी पहुंचाई थी। लेकिन कांग्रेस ने कुमारी सैलजा को उकलाना विधानसभा सीट से टिकट नहीं दिया। वहीं बीजेपी ने कुमारी सैलजा को पार्टी में शामिल होने का भी ऑफर भी दिया था। लेकिन उन्होंने कांग्रेस छोड़कर किसी अन्य पार्टी में जाने से इनकार कर दिया है। इसी बीच एक मीडिया चैनल ने कुमारी सैलजा से उनकी कांग्रेस से नाराजगी को लेकर कई सवाल पूछे।
अगर वह चुनाव लड़तीं तो पार्टी को थोड़ा लाभ जरुर होता
कुमारी सैलजा ने एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में उकलाना विधानसभा सीट से टिकट न मिलने को लेकर कहा कि उन्हें टिकट देना या न देना यह कांग्रेस आलाकमान का निर्णय था। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने किसी अन्य नेता को उकलाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना दिया। हां, मै वहां से चुनाव लड़ना चाहती थी। मैने चुनाव लड़ने की बात सार्वजनिक रूप से कही भी थी। लेकिन यह कांग्रेस आलाकमान का फैसला था कि वे मुझे चुनाव नहीं लड़ाना चाहते थे। इसके बाद कुमारी सैलजा ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अगर वह चुनाव लड़ती तो पार्टी को थोड़ा लाभ जरुर होता।
हम इस बार हरियाणा में मिलकर सरकार बनाएंगे
कुमारी सैलजा से जब पूछा गया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर INLD का BSP के साथ गठबंधन है। वहीं दुष्यंत चौटाला की JJP का चंद्रशेखकर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन है। तो ऐसे में कुमारी सैलजा का हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने से क्या कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा? कुमारी सैलजा मीडिया चैनल को इसका जवाब देते हुए कहती हैं कि वह कांग्रेस पार्टी की सिपाही हैं। कांग्रेस में 36 बिरादरी एक साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करने का काम कर रही है। दलितों ने लोकसभा चुनाव 2024 में भी दिखा दिया था कि वे कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं। हम सभी इस बार भी हरियाणा में मिलकर सरकार बनाएंगे।
कांग्रेस के क्या मुद्दे हैं?
इसके बाद मीडिया चैनल ने कुमारी सैलजा से सवाल किया कि कांग्रेस के क्या मुद्दे हैं? कुमारी सैलजा ने इसका जवाब दिया कि पार्टी में तो कई मुद्दे होते हैं, जिन्हें हम मीडिया के सामने नहीं रखते हैं। इस समय हरियाणा में हम अपनी सरकार बनाने के विषय में सोच रहे हैं। हमने अपने मुद्दे पार्टी आलाकमान को दे दिए हैं और आगे भी देते रहेंगे।
हरियाणा में भी क्या सीएम दलित समाज से होना चाहिए?
मीडिया चैनल ने कुमारी सैलजा से अगला सवाल किया कि पंजाब की तरह हरियाणा में भी क्या सीएम दलित समाज से होना चाहिए? कुमारी सैलजा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि वो आगे की बात है, अभी तो हमें चुनाव जीतने पर अपना फोकस रखना है। कांग्रेस आलाकमान चुनाव के बाद इस पर अपना निर्णय लेगा।
भाजपा पहले अपने नेताओं के बारे में सोचे
मीडिया चैनल ने जब कुमारी सैलजा से पूछा कि भाजपा ने आपको पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, हरियाणा के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आपके प्रति हमदर्दी जताई है। कुमारी सैलजा ने इस सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा पहले अपने नेताओं के बारे में सोचे और उन्हें प्यार करें। भाजपा को खुद अपने अंदर झांकने की जरूरत है। मेरे बारे में सोचने की कोई जरूरत नहीं है।
एक- दो दिन में पार्टी का चुनाव प्रचार शुरू कर देंगी
मीडिया चैनल ने कुमारी सैलजा से आखिरी सवाल किया कि अगर आपकी अपनी पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है तो अभी तक आपने कांग्रेस के लिए प्रचार क्यों नहीं किया? कुमारी सैलजा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि वे एक- दो दिन में पार्टी का चुनाव प्रचार शुरू कर देंगी। अब अधिक समय नहीं बचा है। हमें लगातार कार्य करना है।




