नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व हत्या मामले को लेकर पूरे पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन हो रहा है। प्रदर्शनकारी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं अब आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पीड़िता की मां ने भी ममता बनर्जी के उस बयान पर नाराजगी जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पीड़ित परिवार न्याय चाहता ही नहीं। पीड़िता की मां ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी कह रही हैं कि परिवार न्याय नहीं चाहता। ममता की खुद कोई बेटा-बेटी नहीं है, इसलिए वो एक बच्चा खोने के दर्द को नहीं समझतीं। उनके इस बयान से हमें काफी तकलीफ हुई है।
पीड़िता की मां ने प्रदर्शनकारियों से की अपील
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के परिवार ने कहा कि ममता बनर्जी ने गुरुवार को जो कहा वो मुझे पसंद नहीं आया। पूरी दुनिया मेरी लड़की के साथ खड़ी है, वे न्याय के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन ममता बनर्जी कह रही हैं कि हम न्याय नहीं चाहते। मैं प्रदर्शनकारियों से अपील करना चाहती हूं कि जबतक न्याय ना मिले वो प्रदर्शन करते रहें।
वायरल ऑडियो में किए गए दावे को डिप्टी कमिश्नर ने किया खारिज
वहीं कल वायरल हुए ऑडियो को लेकर कोलकाता पुलिस का बयान सामने आया है। जिसमें कोलकाता पुलिस के इस क्लिप में आरजी कर पीड़िता के परिजनों को बताया गया कि उनकी बेटी आत्महत्या की है। कोलकाता पुलिस ने इन दावों को खारिज किया है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर ऑफ सेंट्रल डिवीजन कोलकाता पुलिस इंदिरा मुखर्जी ने बताया कि हमने कुछ ऑडियो क्लिप सुने हैं। कोलकाता पुलिस के द्वारा ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई, जिसमें कहा गया हो कि पीड़िता ने आत्महत्या की थी।
चादर को लेकर किए गए दावों पर क्या बोलीं डिप्टी कमिश्नर
वहीं मीडिया चैनलों के द्वारा शव को ढकने के लिए इस्तेमाल किए गए चादर के अलग-अलग रंगों को लेकर कई दावे किए गए। जिसपर इंदिरा मुखर्जी ने कहा कि कुछ वीडियो क्लिप में दावा किया गया कि शव को ढंकने के लिए जिस बेडसीट का इस्तेमाल किया गया। उसका रंग पहले इस्तेमाल किए गए चादर से अलग था। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम के सामने हमने वीडियोग्राफी की है।





