नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कश्मीर घाटी में बढ़ती ठंड और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में छाए घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर साफ दिखने लगा है। श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली कई उड़ानें 18 दिसंबर को खराब मौसम के चलते रद्द करनी पड़ीं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, मौसम और परिचालन कारणों से कम से कम सात उड़ानें कैंसिल की गईं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
दिल्ली और अमृतसर के मौसम का असर
एयरपोर्ट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कई उड़ानों को रद्द करने की मुख्य वजह गंतव्य शहरों में खराब मौसम रही। दिल्ली में घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण एयर इंडिया की उड़ानें AI-3423/3424 और AI-1799/1810 रद्द कर दी गईं। अमृतसर में खराब मौसम को देखते हुए इंडिगो की फ्लाइट 6E-6164/6165 भी निरस्त कर दी गई। स्पाइसजेट की श्रीनगर-दिल्ली फ्लाइट SG-661/664 भी दिल्ली के बिगड़ते मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सकी।
ऑपरेशनल कारणों से भी उड़ानें प्रभावित
मौसम के अलावा कुछ फ्लाइट्स ऑपरेशनल कारणों से भी रद्द रहीं। स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-180/181 इंडिगो की श्रीनगर-कोलकाता सेक्टर की उड़ानें 6E-6961/6962 और 6E-2044 एयरलाइंस ने तकनीकी और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया।
एयरपोर्ट पर बढ़ी यात्रियों की परेशानी
उड़ानें रद्द होने के बाद श्रीनगर एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, वहीं कुछ को अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि: एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से जानकारी लें अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए समय से पहले अपडेट लें। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सुबह के समय घना कोहरा बने रहने की संभावना है। ऐसे में हवाई सेवाओं में देरी या रद्दीकरण का सिलसिला जारी रह सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा करते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें।




