नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी(BJP) ने अपने 30 नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। BJP ने झारखंड में अपने घोषित उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन करने वाले 30 नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। झारखंड बीजेपी ने एक बयान के जरिए इसकी जानकारी दी है। भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि झारखंड की अलग-अलग विधनासभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में चुनावी मैदान में उतरने वाले 30 बीजेपी नेताओं को पार्टी से निकाल दिया गया है।
“30 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है”
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि पार्टी से निकाले गए इन सभी 30 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। झारखंड BJP के मुखिया बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा घोषित किए गए उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन करने वाले पार्टी के 30 नेताओं पर यह कार्रवाई की है। बीजेपी का कहना है कि इन नेताओं पर ये कार्रवाई पार्टी की नीतियों के खिलाफ जाने को लेकर की गई है।
BJP से निकाले गए बागी नेताओं के नाम
झारखंड BJP द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी से निकाले गए इन 30 बागी नेताओं में चंद्रमा कुमारी पलामू से निर्दलीय चुनाव लड़ रही थी, लक्ष्मी देवी पलामू से , कुमकुम देवी हजारीबाग से, ,बलवंत सिंह लातेहार से, जूली यादव दुमका से, अरविंद सिंह खरसावां से, भैय्या बांके बिहारी हजारीबाग से, बटेश्वर मेहता हजारीबाग से, कर्नल संजय सिंह पलामू से, चितरंजन साव बोकारो से, हर्ष अजमेरा हजारीबाग से, मिसिर कुजूर गुमला से, हजारी प्रसाद साहू रांची ग्रामीण से, मुकेश कुमार शुक्ला पाकुड से, मिस्त्री सोरेन पाकुड से, पुष्परंजन पलामू और राजकुमार सिंह जमशेदपुर महानगर से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे।
इसके अलावा रामदेव हेम्ब्रम पूर्वी सिंहभूम से, रामावतार केरकेट्टा रांची ग्रामीण से, रामेश्वर उरांव लोहरदगा से, शिवचरण महतो पाकुड से, संतोष पासवान लातेहार से, शिवशंकर बड़ाइक खूंटी से, शिव शंकर सिंह जमशेदपुर से, उपेंद्र यादव गढ़वा से, सुरेंद्र मोदी हजारीबाग से, विकास सिंह जमशेदपुर महानगर से, उमेश भारती चतरा से, विमल बैठा जमशेदपुर महानगर से, विनोद सिंह पलामू विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे। इन सबको बीजेपी ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है।





