नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । महिंद्रा थार, रॉयल एनफील्ड बुलेट, 1 करोड़ से ज्यादा की जमीन, दो आईफोन, रोलेक्स घड़ी जैसी महंगी चीजें इस्तेमाल करने वाली निलंबित पुलिस कांस्टेबल अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अप्रैल में उन्हें ड्रग मामले में सेवा से हटा दिया गया था। अब उन्हें पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अपनी आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है। पाया गया कि पिछले कुछ सालों में उनके द्वारा अर्जित सम्पत्ति से उनका खर्च 28 प्रतिशत अधिक है। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अप्रैल में क्या हुआ था?
अमनदीप कौर को 17.71 ग्राम हेरोइन रखने के आरोप में सेवा से हटा दिया गया था। उन्हें एनडीपीएस के तहत भी गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद 2 मई को उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। पंजाब पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत उनकी सम्पत्ति जब्त कर ली है।
अमनदीप की कौन-कौन सी सम्पत्ति जब्त की गई?
– विराट ग्रीन में जमीन – कीमत 99 लाख
– ड्रीम सिटी, बठिंडा में जमीन – कीमत 18 लाख 12 हजार
– थार कार – कीमत 14 लाख
– रॉयल एनफील्ड बुलेट – कीमत 1 लाख 70 हजार
– आईफोन 13 प्रो मैक्स – कीमत 45 हजार
– बैंक जमा – 10 लाख से अधिक
जांच के दौरान क्या आया सामने ?
जांच के दौरान अमनदीप ने बताया कि उसने 2018 से 2025 तक के सात सालों में कैसे अचल और चल संपत्ति अर्जित की। अमनदीप कौर को इंस्टा क्वीन के नाम से भी जाना जाता है। अमनदीप इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहती हैं। इन वीडियो में अमनदीप ज्वैलरी और महंगी चीजें दिखाती हैं। अमनदीप कौर की संपत्ति 2018 से 2024 के बीच 1 करोड़ 8 लाख 37 हजार 550 रुपये थी। इस दौरान उनका खर्च 1 करोड़ 39 लाख 64 हजार 802 रुपये रहा। उनके खर्च उनकी आय से 31 लाख 27 हजार 253 रुपये अधिक थे। यह राशि उनकी वैध आय से 28 प्रतिशत अधिक है। यही कारण है कि वह जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी सारी संपत्ति और बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं।




