नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने घोषणा की है कि 21 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक कुल 150 ‘पूजा स्पेशल’ ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत देगा और भीड़भाड़ कम करने में मदद करेगा।
भारतीय रेलवे ने त्योहारों के मौके पर यात्रियों की सहूलियत के लिए 150 पूजा स्पेशल ट्रेनों के जरिए कुल 2024 अतिरिक्त फेरे लगाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य लोगों को आसानी से घर पहुंचाकर त्योहार की खुशियां मना सकें। ये ट्रेनें विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।
त्योहार से पहले बिहार का विशेष ध्यान
बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए रेलवे ने 12 हजार से ज्यादा ट्रेनों को चलाने की योजना बनाई है. इनमें कई ट्रेनों का नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। पूर्व मध्य रेलवे ने 14 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जो पटना, गया, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे बड़े स्टेशनों से होकर गुजरेंगी. ये ट्रेनें कुल 588 फेरे लगाएंगी, जिससे बिहार के लोग आसानी से दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों से अपने घर जा सकेंगे।
दक्षिण मध्य रेलवे की सबसे ज्यादा ट्रेनें
दक्षिण मध्य रेलवे इस बार सबसे अधिक 48 पूजा स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा। ये ट्रेनें हैदराबाद, सिकंदराबाद और विजयवाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों से शुरू होकर कुल 684 फेरे लगाएंगी। इनके माध्यम से दक्षिण भारत के ग्रामीण और शहरी इलाकों की कनेक्टिविटी बड़े शहरों से बेहतर होगी, जिससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने घर आसानी से पहुंचने में मदद मिलेगी।
कोलकाता और मुंबई में भी खास ट्रेनें
पूर्व रेलवे कोलकाता, हावड़ा और सियालदह जैसे व्यस्त स्टेशनों से 24 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जो कुल 198 फेरे लगाएँगी। वहीं, पश्चिम रेलवे ने मुंबई, सूरत और वडोदरा से 24 विशेष ट्रेनों का संचालन करने की योजना बनाई है। ये ट्रेनें 204 अतिरिक्त फेरे लगाएँगी और खासकर उत्तर भारत व गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।
दक्षिण और अन्य क्षेत्रों को भी सुविधा
दक्षिण रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै से 10 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो कुल 66 फेरे लगाएंगी। वहीं पूर्व तट रेलवे भुवनेश्वर, पुरी और संबलपुर से विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे रांची व टाटानगर, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज व कानपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर व रायपुर और पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल व कोटा जैसे स्टेशनों से भी पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को त्योहारों पर निर्बाध यात्रा सुविधा मिल सके।
कैसे लें ट्रेन की पूरी जानकारी?
भारतीय रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे पूजा स्पेशल ट्रेनों में यात्रा के लिए अग्रिम टिकट बुकिंग अवश्य कर लें। ट्रेनों की पूरी लिस्ट, टाइम टेबल, रूट और स्टॉपेज की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, IRCTC ऐप या नजदीकी रेलवे स्टेशन से प्राप्त की जा सकती है। रेलवे ने सलाह दी है कि कंफर्म टिकट पाने के लिए जल्दी बुकिंग करें, क्योंकि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ अत्यधिक बढ़ जाती है।





