नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे पंजाब में दिखाई देने लगा है। ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में पाकिस्तान ने गुरुवार देर रात पंजाब के कई इलाकों में ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते इन प्रयासों को नाकाम कर दिया।
चंडीगढ़ और जालंधर में गूंजे सायरन, लोग सहमे
शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ और जालंधर जैसे बड़े शहरों में सायरन बजाए गए। इससे पहले रातभर पंजाब के कई बॉर्डर जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया था। चंडीगढ़ में एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की गई, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थिति को संभाल लिया। डीसी चंडीगढ़ ने लोगों को घर के अंदर रहने और बालकनी से दूर रहने की सलाह दी है।
फरीदकोट में इंटरनेट बंद, रातभर ब्लैकआउट
पठानकोट एयरबेस के पास ड्रोन गतिविधि देखी गई। वहीं, फरीदकोट में पूरी रात बिजली गुल रही और सुबह 5 बजे के बाद ही सप्लाई बहाल हुई। एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं।
SGPC का बड़ा फैसला, गुरदासपुर से गुरु ग्रंथ साहिब को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया
गुरदासपुर स्थित एक गुरुद्वारे से गुरु ग्रंथ साहिब जी को एसजीपीसी ने सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। पंजाब सरकार ने सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को 3 दिन के लिए बंद रखने का फैसला किया है। साथ ही, जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट अलर्ट पर, कुछ फ्लाइट्स रद्द
भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों की कड़ी जांच हो रही है। हिसार से अयोध्या जाने वाली फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है। एलायंस एयर के अनुसार यात्री अपना टिकट अगली तारीख के लिए रीबुक कर सकते हैं या पूरा रिफंड ले सकते हैं





