नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार का बेगूसराय जिला वर्ष 1980 के दौरान पकड़ौआ विवाह यानि जबरदस्ती पकड़कर शादी करवाने के लिए जाना जाता था। हालांकि धीरे-धीरे यह प्रथा पूरी तरह बंद हो गई थी। लेकिन बिहार के इस जिले में 13 दिसंबर 2024 को फिर से पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सामने आया है।
सरकारी टीचर की जबरदस्ती शादी करा दी गई
यहां एक सरकारी टीचर की जबरदस्ती शादी करा दी गई। इस घटना को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतगर्त पड़ने वाले जिनेंदपुर पंचायत में अंजाम दिया गया। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित टीचर BPSC से प्रतियोगी परीक्षा पास करने के बाद एक सरकारी स्कूल में सरकारी टीचर के रूप में कार्यरत है। लड़की पक्ष ने इस सरकारी टीचर की जबरदस्ती पकड़कर लड़की से एक मंदिर में शादी कर दी। हालांकि लड़की पक्ष का कहना है कि लड़के का काफी लंबे समय से लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन अवनीश नाम के इस युवक की सरकारी टीचर की नौकरी लग जाने के बाद उसने लड़की से शादी करने से मना कर दिया था। ऐसे में लड़की के परिजनों को यह कदम उठाना पड़ा।
लड़की ने बताई सरकारी टीचर के साथ जबरदस्ती शादी की वजह
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित युवक बिहार के बेगूसराय जिले के सदर प्रखंड के रजौड़ा सिकंदरपुर का निवासी है। सरकारी टीचर अवनीश का 4 साल से एक एएनएम की ट्रेनिंग कर रही लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की ने बताया कि अवनीश ने उसे कई बार एक होटल में भी बुलाया था, जहां उन्होंने साथ बैठकर नाश्ता भी किया था। अब अवनीश की सरकारी टीचर की नौकरी लग जाने के बाद उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया था।
लड़की ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा था कि अवनीश ने 10 दिन पहले भी उसको अपने स्कूल में बुलाया था जहां उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। ऐसे में जब बीती शाम अवनीश उससे मिलने के लिए पहुंचा, तो ग्रामीणों की उसपर नजर पड़ गई और लोगों ने पकड़ कर उसकी जबरदस्ती एक मंदिर में शादी करवा दी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष ने इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन जो भी हो बिहार के बेगूसराय में 1980 के समय की पकड़ौआ विवाह की झलक एक बार फिर दिखाई दी है।





