नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बाइकसवार बदमाशों ने एक स्कूल की मिनी बस पर फायरिंग कर दी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने मिनी बस के आगे बाइक रोककर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी थी। इस घटना से मिनी बस में बैठे स्कूल के बच्चों में चीख पुकार मच गई। बच्चों का डर के कारण रो-रोकर बुरा हाल था। लेकिन, मिनी बस ड्राइवर ने समझदारी से काम लिया और मिनी बस को तेज स्पीड में चलाकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गया। मिली जानकारी के अनुसार यह स्कूल बस BJP नेता की बताई जा रही है।
इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने इस घटना को उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गजरौला थाना क्षेत्र के अंतगर्त 25 अक्टूबर 2024 की सुबह 07:40 बजे अंजाम दिया। मिनी बस ड्राइवर मॉन्टी उस समय बच्चों को स्कूल की तरफ ले जा रहा था। तभी रास्ते में 3 बाइक सवार बदमाशों ने अपनी बाइक को मिनी बस के आगे रोक दिया और तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद, ड्राइवर मॉन्टी ने समझदारी दिखाते हुए मिनी बस को तेज रफ्तार में चलाकर थाने पहुंच गया। इसमें सबसे अच्छी खबर ये है कि इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है।
पुलिस इस एंगल में भी अपनी जांच कर रही है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमरोहा पुलिस घटना की खबर मिलते ही घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जिसमे पुलिस को पता चला कि मिनी बस ड्राइवर मॉन्टी का 21 अक्टूबर 2024 को स्थानीय युवकों से एक एक्सीडेंट को लेकर विवाद हो गया था। इसी कारण स्थानीय युवकों ने ड्राइवर से बदला लेने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है। अमरोहा पुलिस इस एंगल में भी अपनी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मिनी बस में सवार सभी स्कूल के बच्चों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पकड़ के लिए टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस आरोपियों की पकड़ के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।




