नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। रक्षाबंधन में अधिकतर भाई अपनी बहनों के लिए सोने की ज्वेलरी खरीदने का प्लान करते हैं। रक्षाबंधन भाई बहनों के बीच अटूट प्रेम का पर्व है। इस दिन हर भाई चाहता है कि वह अपनी बहन को इस पर्व में कुछ न कुछ विशेष चीज गिफ्ट करें। अगर आप भी अपनी बहनों को इस रक्षाबंधन के पर्व पर सोने की ज्वेलरी गिफ्ट करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। हम इस खबर के माध्यम से आपको जानकारी देंगे कि असली सोने की पहचान कैसे करें। आजकल नकली सोने की बिक्री के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में आप हमारे द्वारा बताई जा रही सोने की परख को अपनाकर जान सकते हैं कि सोना असली है या नकली।
हॉलमार्क जरुर होना चाहिए
सोना खरीदते समय सबसे पहले ध्यान देने वाली चीज ये है कि उसमे हॉलमार्क जरुर होना चाहिए। इस हॉल मार्क को सोने की शुद्धता का प्रमाण कहा जाता है। हम आपको एक ऐप बताने जा रहे हैं, जिसके माध्यम से आप खरीदी जा रही ज्वेलरी की क्वालिटी से लेकर सारी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस ऐप का नाम BIS Care App है, जिसे आप अपने फ़ोन में डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप को अपने फोन में ओपन करने के बाद आपको इसमें 6 अंकों के हॉलमार्क नंबर को डालना होगा, जिसके बाद गोल्ड से जुडी सारी महत्वपूर्ण जानकारी आपके फोन की स्क्रीन में आ जाएगी।
चुंबक का प्रयोग करके सोने की शुद्धता का आसानी से पता लगा सकते हैं
अब हम आपको सोने की शुद्धता जांचने का एक बहुत ही पुराना तरीका बताने जा रहे हैं। बता दें कि आप एक चुंबक का प्रयोग करके सोने की शुद्धता का आसानी से पता लगा सकते हैं। इसके लिए आपको खरीदे जा रहे सोने को एक चुंबक के संपर्क में लाना होगा, यदि सोना चुंबक में चिपक जाता है तो इसका साफ मतलब है कि वो सोना नकली है। अगर सोना चुंबक के साथ नहीं चिपक रहा है तो इसका मतलब है कि वो सोना असली है।
रसोई में रखे विनेगर का प्रयोग करके सोने की शुद्धता का पता लगा सकते हैं
अब हम आपको एक बहुत ही सरल घरेलू तरीका बताने जा रहे, जिसका प्रयोग करके भी आप असली और नकली सोने की पहचान कर सकते हैं। इसके लिए आप अपने घर की रसोई में रखे विनेगर का प्रयोग करके सोने की शुद्धता का पता लगा सकते हैं। आप ज्वेलरी शॉप से खरीदे जा रहे सोने पर विनेगर की कुछ बूंद डालकर सोने की शुद्धता का आसानी से पता लगा सकते हैं, अगर विनेगर की बूंदे डाले जाने के कुछ मिनटों बाद सोने के रंग में कुछ बदलाव दिखाई देता है तो इसका साफ मतलब है कि सोना नकली है। वहीं अगर सोने के रंग में कोई भी बदलाव नहीं होता है तो इसका साफ मतलब है कि सोना असली है।





