नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है…” ये पंक्तियाँ हर उस श्रद्धालु की ज़ुबान पर होती हैं जो माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने निकलता है। वैष्णो देवी यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह एक साहसिक और कठिन तीर्थयात्रा भी मानी जाती है। यदि आप पहली बार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे हैं, तो इस पवित्र यात्रा से पहले कुछ जरूरी जानकारी होना बहुत जरूरी है, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।
जम्मू-कश्मीर के कटरा से शुरू होने वाली यह यात्रा त्रिकूट पर्वत की ऊंचाई पर स्थित एक गुफा तक पहुंचती है, जहां माता वैष्णो देवी का पवित्र मंदिर स्थित है। करीब 13 किलोमीटर की यह चढ़ाई शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की मांग करती है। बावजूद इसके दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु हर साल माता के दर्शन के लिए यहां आते हैं। इसलिए अगर आप भी इस आध्यात्मिक यात्रा पर पहली बार जा रहे हैं, तो बेहतर होगा कि आप पहले से जरूरी तैयारियां कर लें। जैसे यात्रा परमिट, मौसम के अनुसार कपड़े, स्वास्थ्य जांच और रास्ते की जानकारी, ताकि आपका यह अनुभव सुगम और यादगार बन सके।
कैसे पहुंचे माता के दरबार तक, पैदल, पालकी या हेलिकॉप्टर से
माता वैष्णो देवी का मंदिर समुद्र तल से करीब 5,300 फीट की ऊंचाई पर त्रिकूट पर्वत पर स्थित है। बेस कैंप कटरा से मंदिर तक की दूरी लगभग 13 किलोमीटर है, जिसे पार कर भक्त माता के दरबार तक पहुंचते हैं। यह सफर भक्तों के लिए न केवल आध्यात्मिक अनुभव होता है, बल्कि शारीरिक रूप से भी चुनौतीपूर्ण होता है। हालांकि, मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको ज़रूरी नहीं कि पैदल ही चढ़ाई करनी पड़े। यात्रा को सुगम बनाने के लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं।
घोड़ा या खच्चर : जो श्रद्धालु चलने में असमर्थ हैं या जल्दी पहुंचना चाहते हैं, वे घोड़े या खच्चर की सहायता ले सकते हैं।
पिट्ठू और पालकी : छोटे बच्चों, बुजुर्गों या अस्वस्थ लोगों के लिए पिट्ठू (पीठ पर बैठाकर ले जाने वाले) और पालकी (चार लोगों द्वारा उठाई जाने वाली सवारी) की सुविधा भी मौजूद है।
हेलिकॉप्टर सेवा : कटरा से सांझी छत तक हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध है, जिससे यात्रा काफी कम हो जाती है। सांझी छत से भवन तक केवल 2.5 किलोमीटर की पैदल दूरी रह जाती है, जिसे आराम से तय किया जा सकता है।
अब पहले से आसान हो गई है वैष्णो देवी की यात्रा
माता वैष्णो देवी की यात्रा एक समय बेहद कठिन मानी जाती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। आधुनिक सुविधाओं के जुड़ने से यह तीर्थयात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक हो गई है। बावजूद इसके, हर साल करीब 1 करोड़ श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए इस पवित्र स्थल पर पहुंचते हैं।
इस यात्रा में लगने वाला समय मुख्य रूप से मौसम, भीड़भाड़ और आपकी चलने की रफ्तार पर निर्भर करता है। लेकिन अब यात्रियों के लिए रास्ते को आसान बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। पहाड़ को काटकर सपाट और सुरक्षित रास्ते तैयार किए गए हैं। पूरे मार्ग में आराम करने के लिए शेड्स, पीने का पानी, और साफ-सुथरे शाकाहारी भोजन की व्यवस्था मौजूद है। ये सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं, ताकि किसी भी समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। इन सुधारों की वजह से अब माता के दर्शन की यात्रा सुगम हो गई है।
कटरा : वैष्णो देवी यात्रा का पहला पड़ाव
जम्मू से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित कटरा वह स्थान है जहां से माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा की शुरुआत होती है। यह छोटा-सा लेकिन महत्वपूर्ण शहर तीर्थयात्रियों के लिए बेस कैंप की भूमिका निभाता है। यहां से आगे की यात्रा करने के लिए कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। सबसे अहम है यात्रा रजिस्ट्रेशन। मंदिर में दर्शन का अवसर सिर्फ उन्हीं श्रद्धालुओं को मिलता है जिनके पास रजिस्ट्रेशन स्लिप होती है। यह स्लिप कटरा में फ्री में उपलब्ध होती है और इसे ऑनलाइन भी प्राप्त किया जा सकता है।
कटरा से भवन (माता के मुख्य मंदिर) तक की 13 किलोमीटर लंबी यात्रा में कई महत्वपूर्ण पड़ाव आते हैं। जैसे बाणगंगा, यहां से यात्रा की औपचारिक शुरुआत होती है। इसके बाद चारपादुका, इंद्रप्रस्थ, अर्धकुंवारी, गर्भजून, हिमकोटी, सांझी छत, भैरो मंदिर आते हैं। अर्धकुंवारी जिसे यात्रा का मध्य बिंदु माना जाता है और यहां एक अलग मंदिर स्थित है जहां श्रद्धालु रुककर दर्शन करते हैं। यहाँ से माता के भवन तक की दूरी लगभग 6 किलोमीटर है। भीड़ को कम करने और यात्रियों की सुविधा के लिए 19 मई 2018 को बाणगंगा से अर्धकुंवारी तक एक नए वैकल्पिक मार्ग का उद्घाटन किया गया था, जिससे यात्रा और अधिक सुव्यवस्थित हो गई है।
वैष्णो देवी यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय कब है?
माता वैष्णो देवी की यात्रा साल भर खुली रहती है, इसलिए आप कभी भी यहां जा सकते हैं। लेकिन मौसम और भीड़-भाड़ को ध्यान में रखते हुए सही समय का चुनाव यात्रा को और भी सुखद बना सकता है। गर्मी के महीनों यानी मई-जून और नवरात्रि के समय (मार्च-अप्रैल और सितंबर-अक्टूबर) में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। जुलाई और अगस्त में बारिश के कारण रास्तों पर फिसलन हो जाती है, जिससे चढ़ाई करना कठिन हो जाता है, इसलिए इस मौसम में यात्रा करने से परहेज करना चाहिए। इसके अलावा, दिसंबर और जनवरी में यहां कड़ाके की ठंड पड़ती है, जिससे मौसम काफी सर्द हो जाता है।
कैसे पहुंचे वैष्णो देवी ?
हवाई मार्ग – वैष्णो देवी के सबसे नजदीक स्थित एयरपोर्ट जम्मू का रानीबाग एयरपोर्ट है। यहाँ से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित बेस कैंप कटरा तक सड़क मार्ग से आसानी से पहुँचा जा सकता है। जम्मू से कटरा के बीच नियमित रूप से बसें और टैक्सियां उपलब्ध रहती हैं।
रेल मार्ग – कटरा और जम्मू, दोनों ही इस क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशन हैं। जम्मू देश के लगभग सभी बड़े शहरों से ट्रेन के माध्यम से जुड़ा हुआ है। अब कटरा में भी ‘श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन’ बन चुका है, जिसकी शुरुआत 2014 में हुई थी और यह जम्मू-उधमपुर रेललाइन पर स्थित है। दिल्ली सहित कई प्रमुख शहरों से कटरा के लिए सीधी ट्रेनें चलती हैं। यात्री चाहें तो सीधे कटरा पहुंचकर यहीं से माता के दर्शन के लिए पैदल यात्रा शुरू कर सकते हैं।
सड़क मार्ग- देश के अलग-अलग हिस्सों से जम्मू तक सड़क मार्ग द्वारा पहुंचा जा सकता है। जम्मू पहुंचने के बाद यात्री बस या टैक्सी से कटरा तक आसानी से जा सकते हैं, और फिर वहां से त्रिकूटा पर्वत की चढ़ाई शुरू होती है।
यात्रा के दौरान ये चीजें जरूर रखें साथ
कटरा बेस कैंप समुद्र तल से लगभग 2,500 फीट की ऊंचाई पर है, जबकि माता वैष्णो देवी का मंदिर 5,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इसी कारण दोनों स्थानों के तापमान में काफी फर्क देखने को मिलता है। अगर आप मानसून के दौरान यात्रा कर रहे हैं, तो छाता या रेनकोट जरूर अपने साथ रखें। सर्दियों में यात्रा करने वालों को चाहिए कि वे गरम कपड़े, जैसे जैकेट, ऊनी टोपी, दस्ताने और मोजे साथ लेकर चलें। हालांकि रास्ते में जगह-जगह पर कंबल की सुविधा मिल जाती है, फिर भी खुद की तैयारी जरूरी है। पूरी चढ़ाई के दौरान आरामदायक और मजबूत जूते पहनना बेहद जरूरी है, ताकि पैरों में थकान या चोट न लगे। यहां तक कि गर्मी के मौसम में भी हल्के गरम कपड़े रखना फायदेमंद होता है, क्योंकि ऊपर भवन तक पहुंचते-पहुंचते मौसम बदल सकता है और ठंड महसूस हो सकती है।





