नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सिख धर्म के 9वें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के समापन समारोह में मंगलवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शिरकत की। आनंदपुर साहिब में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में केजरीवाल ने गुरु साहिब की सीखों का हवाला देते हुए अपनी सरकार की ईमानदारी और पारदर्शिता पर जोर दिया। समारोह के दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा, अगर हमने एक पैसा भी बेईमानी से कमाया हो, तो गुरु महाराज हमें माफ न करें।
ईमानदारी को लेकर केजरीवाल का दावा
अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकारें हमेशा गुरु साहिब की सीख, नाम जपो, कीरत करो, वंड छकोईश्वर को याद करो, मेहनत करो और बांटकर खाओ पर चलने की कोशिश करती रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि पंजाब सरकार इतना काम कैसे कर पा रही है। इस पर केजरीवाल का जवाब था।हम गुरु साहिब के रास्ते पर हैं, इसलिए हमारे हर काम में ईमानदारी साफ दिखती है।
केजरीवाल ने दोहराया कि चुनाव के दौरान उन्होंने वादा किया था कि सरकार का एक-एक रुपया जनता के लिए खर्च होगा।उन्होंने कहा, अगर हमने एक पैसा भी बेईमानी की हो, तो गुरु महाराज जो भी सजा दें, हमें मंजूर है।केजरीवाल का दावा है कि उनकी सरकार ने स्कूलों और अस्पतालों को बेहतर बनाया। 70 साल बाद नहरों का पानी खेतों तक पहुंचाया और यह सब बिना भ्रष्टाचार, सिर्फ जनता के हित में किया। हमने पैसा नहीं, पुण्य कमाया है।
धर्म और मजहब पर संदेश
केजरीवाल ने कहा कि आज देश में धर्म और मजहब के नाम पर लड़ाइयाँ हो रही हैं, लेकिन यदि लोग गुरु साहिब का संदेश अपनाएं तो सभी विवाद खत्म हो सकते हैं। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के सर्वोच्च बलिदान को याद किया, जिन्होंने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
3 शहरों को मिला ‘पवित्र नगरी’ का दर्जा
केजरीवाल ने बताया कि सोमवार को विधानसभा में तीन पवित्र शहरों को पवित्र नगरी घोषित किया गया है। अब इन शहरों में शराब, मांस, गुटखा, तंबाकू की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम पर एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।





