नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । समाजवादी पार्टी के मंझनपुर सीट से विधायक और राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने एक विवादास्पद बयान दिया है। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पार्टी कार्यालय में आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भारत के मंदिरों को शक्तिहीन बताया। उन्होंने बीजेपी, बसपा और तुलसीदास पर तीखे शब्दों में हमला बोला।
इंद्रजीत सरोज का बयान
मंगलवार को आंबेडकर जयंती के मौके पर सपा नेता इंद्रजीत सरोज ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होने कहा कि भगवान श्री राम का नारा लगाने से कुछ नहीं होगा, इससे सिर्फ जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर मंदिरों में वास्तव शक्ति होती, तो इतिहास में मोहम्मद बिन कासिम, महमूद गजनवी और मोहम्मद गौरी जैसे लुटेरे भारत नहीं आते। उन्होंने सियासत को असली ताकत बताते हुए तंज कसा है। कहा कि अब बाबा (योगी आदित्यनाथ) भी सत्ता के मंदिर में विराजमान हैं और नेता बनने के बाद हेलीकॉप्टर से घूमते हैं।
“बाबा सोहब आंबेडकर का समर्थन”
सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने जय भीम नारे का समर्थन किया है। उन्होने कहा कि “जय भीम” का नारा लगाने से ही समाज का उद्धार हो सकता है। उन्होंने खुद को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि बाबा साहेब की इसी सोच के साथ उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। वे इस वक्त पांच बार विधायक और एक बार मंत्री बने हैं।
तुलसीदास और बसपा पर टिप्पणी
इंद्रजीत सरोज ने इस दौरान तुलसीदास पर भी तीखी टिप्पणी की। उन पर सवाल उठाते हुए सरोज ने कहा कि उन्होंने नीची जातियों के लिए आपत्तिजनक बातें कहीं, लेकिन अकबर के शासनकाल में मुस्लिम शासकों के खिलाफ एक शब्द भी नहीं लिखा। सरोज ने बसपा प्रमुख मायावती पर तंज कसा और आरोप लगाते हुए कहा करछना में एक दलित युवक को ज़िंदा जलाया गया, लेकिन इस घटना के बाद भी मायावती पीड़ित परिवारों से मिलने नही पहुंची।
सपा विधायक का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
इस दौरान सरोज ने भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, देश में बीजेपी सरकार गरीबों को किनारा कर रही है। उन्होने कहा कि आज दलित समाज अपनी बेटियों की शादी तक नहीं कर पा रहा और मजबूरी में उन्हें बेचने को विवश है। इसके अलावा उन्होने करणी सेना पर भी बात कहीं। उन्होने कहा कि, करणी सेना समाजवादी पार्टी के नेताओं को खुलेआम धमकियां और गालियाँ दे रही है, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।





