श्रीनगर, 05 जून (हि.स.)। श्रीनगर के छनपोरा पुलिस पोस्ट के नजदीक सुरक्षाबलों ने आज एक आईईडी बरामद की, जिसे सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय कर दिया। इस तरह सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। शनिवार दोपहर छनपोरा पुलिस पोस्ट के नजदीक सुरक्षाबलों को एक संदिग्ध चीज दिखाई दी। उसकी जांच करने पर उसमें आइईडी की आशंका हुई। सुरक्षाबलों ने तुरंत सेना के बम निरोधक दस्ते को बुला लिया। कुछ ही देर बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। जांच करने पर पता चला कि उसमें आइईडी रखी गई है। बम निरोधक दस्ते ने तुरंत एक बाक्स में रखी गई आइईडी को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय कर दिया। फिलहाल सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में इलाके की घेराबंदी करके तलाशी अभियान चलाया है। सूत्रों के अनुसार आतंकियों द्वारा यह आइईडी सुरक्षाबलों को भारी नुकसान पहुंचाने के लिए लगाई गई थी लेकिन सतर्क सुरक्षाबलों ने आतंकियों के नापाक इरादों को सफल नहीं होने दिया और समय रहते आइईडी का पता लगाकर बड़ी क्षति होने से बचा लिया। हिन्दुस्थान समाचार/बलवान




