नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क: देश की राजधानी में शुक्रवार को हुई बारिश ने जमकर कहर बरपाया। जहां देखो हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था। कई पुल डूब गए थे। इसके साथ ही कई गाड़ियां भी सड़कों पर तैरती नजर आई। अब फिर से वहीं हालात होने के अनुमान हैं। आज 29 जून को भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई जगहों पर फिर से भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान, हिमाचल, हरियाणा, बिहार, यूपी और झारखंड में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
मॉनसून की वजह से गर्मी से राहत मिली लेकिन दिखा तबाही का मंजर
उत्तर भारत में पिछले कई महीनों से भयंकर गर्मी पड़ रही थी। जिसकी वजह से लोगों का जीना हराम हो गया था। गर्मी की वजह से सैकड़ों लोग मारे गए। अब कल हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। लेकिन शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में इतनी बारिश हुई कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के टर्मिनल नंबर एक की छत गिर गई। जिसमें दबने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 9 लोग घायल हो गए।
88 सालों में पहली बार जून में हुई इतनी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 1936 के बाद पिछले 88 सालों में पहली बार जून में इतनी अधिक बारिश दर्ज की गई है। साल 1901से 2024 के बीच यह दूसरी बार है जब जून में एक दिन में इतनी बारिश हुई है। IMD के मुताबिक दिल्ली में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं। जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को आसमान में दिनभर काले बादल छाए रहेंगे और शाम व देर रात में बारिश हो सकती है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





