नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के आनंद विहार इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। आनंद विहार की झुग्गी बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना देर रात करीब सवा 2 बजे हुई। मृतकों की पहचान यूपी के ओरैया के रहने वाले 34 वर्षीय जग्गी कुमार, 36 वर्षीय श्याम सिंह और 35 वर्षीय जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मलबे से उनके शव बरामद किए। हादसे के बाद आनंद विहार थाना प्रभारी मनीष और एस.आई. सोकेन्द्र ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आग किस वजह से लगी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पीसीआर कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली थी। इस झुग्गी में IGL कंपनी के चार मजदूर रह रहे थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर सुरक्षित बच गया।
रात के समय हुआ हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय झुग्गी में चार लोग सो रहे थे। मृतकों में शामिल जग्गी कुमार बांदा का रहने वाला था, जबकि श्याम सिंह और कांता प्रसाद ओरैया के निवासी थे। इनके साथ गाजियाबाद का नितिन भी रह रहा था, जो किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। दमकल विभाग और पुलिस आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। इस हादसे से इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और सरकार से पीड़ित परिवारों की मदद की मांग कर रहे हैं।





