नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को कोलकाता के आर.जी. कर अस्पताल में उपद्रवियों द्वारा डॉक्टरों पर हमले और क्राइम सीन को नष्ट करने को लेकर फटकार लगाई है। पश्चिम बंगाल सरकार ने कलकत्ता उच्च न्यायालय को अपने जवाब में कहा था कि वहां 7000 से अधिक लोगों की भीड़ हो गई थी, उपद्रवियों ने एकदम से हमला कर दिया था। इस पर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कहा कि राज्य पुलिस के पास खुफिया विभाग की टीम भी होती है, इसके बावजूद भी उन्हें इस तरह से बढ़ रही भीड़ के बारे में पता कैसे नहीं लगा।
आप आर.जी. कर अस्पताल के डॉक्टरों को सुरक्षा देने में विफल रहे हैं
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कहा कि इसमें पश्चिम बंगाल सरकार पूरी तरह से विफल रही है। उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि आप आर.जी. कर अस्पताल के डॉक्टरों को सुरक्षा देने में विफल रहे हैं, ऐसे में हमें आर.जी. कर अस्पताल को बंद करने के आदेश दे देने चाहिए, इसको लेकर पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा कि अब आर.जी. कर अस्पताल में स्थिति को पूरी तरह संभाल लिया गया है।
फोटों के माध्यम से साबित करें कि क्राइम सीन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है
वहीं कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाते हुए आदेश दिया कि सेमिनार कक्ष में भी क्राइम सीन को भी नुकसान पहुंचा है, इस पर पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा कि क्राइम सीन को बचा लिया गया है। इसके जवाब में याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि उपद्रवियों को क्राइम सीन की जगह का पता न चल पाने के कारण क्राइम सीन को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। इसको लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाते हुए कहा है कि फोटों के माध्यम से साबित करें कि क्राइम सीन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर विशेष कदम उठाने को भी कहा
वहीं कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कोलकाता पुलिस को आदेश दिया है कि इस घटना की पूरी रिपोर्ट सीबीआई के समक्ष पेश करें। वहीं कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सीबीआई को कहा कि इस मामले में जल्द अपनी रिपोर्ट पेश करें। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से आर.जी. कर अस्पताल के डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर विशेष कदम उठाने को भी कहा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in





