नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है। सूबे में राजनीतिक तपिश बढ़ती जा रही है। सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं। तो वहीं इस चुनावी समर में आज दिल्ली के पूर्व सीएम व आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी ताल ठोकते नजर आए। केजरीवाल ने सिरसा के रानियां में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरपिंदर सिंह हैपी के लिए रोड शो कर लोगों से उन्हें जीताने की अपील की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
मेरा बस ये कसूर था
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने मुझे जेल में डाला था, मैं 5 महीने जेल में रहा। लेकिन इसमें मेरा कोई कसूर नहीं था। बस ये कसूर था कि मैंने अपने 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली में गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए स्कूल बनवा दिए। जिस दिल्ली में घंटों-घंटों बिजली नहीं रहती थी। वहां मैंने बिजली की व्यवस्था की। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए लोगों से कहा कि पंजाब में भी फ्री बिजली दी जाती है। अगर मैं भ्रष्ट होता तो ये सारे काम नहीं करता। लोगों से अपील करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर उनकी हरियाणा में सरकार बनती है तो वो यहां भी अच्छे स्कूल बनाएंगे, अच्छे अस्पताल बनवाएंगे और बिजली फ्री करेंगे।
जेल में मुझे तोड़ने की कोशिश की गई
अरविंद केजरीवाल ने रोड शो में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे जेल में बहुत तोड़ने की कोशिश की गई। मैं शुगर का मरीज हूं फिर भी उन्होंने मेरी इंसुलिन बंद कर दी। वो मेरा हौसला तोड़ना चाहते थे, लेकिन वो भूल गए कि मैं हरियाणा का छोरा हूं। वो किसी का भी हौसला तोड़ सकते हैं लेकिन हरियाणा के लोगों का नहीं।
परिवारवाद की राजनीति से करें किनारा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रानियां के लोगों ने एक ही परिवार को बार-बार मौका दिया, लेकिन फिर भी रानिया में वो विकास नहीं दिख रहा है, जो दिखना चाहिये। इसलिए अबकी बार रानियां के लोग परिवारवाद की राजनीति के बहकावे में ना आएं, बल्कि आप को मजबूत बनाते हुए हरपिंदर सिंह को विधानसभा भेजें।
हरियाणवी सेंटिमेंट टच करने की कोशिश की
रानिया की रैली में अरविंद केजरीवाल ने हरियाणवी सेंटिमेंट को भी टच करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आपके बेटे, आपके भाई ने पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया। मैने हरियाणा से निकलकर दिल्ली में सरकार बनाई। पंजाब में सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुन लें, बिना हमारे हरियाणा में किसी की सरकार नहीं बन रही है।




