नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । देश में फिलहाल ‘आई लव मोहम्मद’ (I Love Mohammed) विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूपी से शुरू हुआ यह मामला अब कई राज्यों में फैल चुका है। विभिन्न शहरों में जुलूस के दौरान आगजनी, पत्थराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसा ही एक मामला गुजरात के गांधीनगर से सामने आया है।
गुजरात की राजधानी गांधीनगर के बहियल गांव में बुधवार (24 सितंबर) की रात ‘I Love Mohammed’ और ‘I Love Mahadev’ स्टेटस को लेकर बवाल भड़क गया। गरबा पंडाल के पास एक विशेष समुदाय ने हिंदू इलाके में पत्थरबाजी की और दुकानों में आग लगा दी। इस हिंसा के मामले में अब तक 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
गांधीनगर के एसपी ने बताया कि इस विवाद के कारण यह हिंसा भड़की। सोशल मीडिया पर जवाबी पोस्ट के बाद तनाव फैल गया और कुछ लोग किसी आपत्तिजनक शब्द को लेकर भड़क उठे। अब तक पुलिस ने इस मामले में 60 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद
कल रात बहियल गांव में एसके पटेल नाम के एक व्यक्ति ने अपने व्हॉट्सएप स्टेटस में लिखा, “सभी को ‘I Love Mahadev’ का स्टेटस लगाना चाहिए क्योंकि आजकल मुस्लिम लोग ‘I Love Mohammed’ का स्टेटस लगा रहे हैं। उनका विरोध करने के लिए हमें महादेव का स्टेटस लगाना चाहिए।”
दोनों समुदाय आमने-सामने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, “इस स्टेटस को देखकर मुस्लिम समाज के लोगों में गुस्सा फैल गया। लोग इकट्ठा होकर हिंदू इलाके में गए, दुकानों का सामान बाहर निकालकर आग लगा दी। इसके बाद नजदीकी हिंदू क्षेत्र की ओर बढ़े और पत्थरबाजी की। इसके जवाब में हिंदू समाज के लोगों ने भी पत्थरबाजी की।”
करीब 60 लोग पुलिस की हिरासत में
हिंसा की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। मामले में सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने पत्थरबाजी में शामिल 50 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस के पास अतिरिक्त 30 लोगों के नाम भी हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ भी जारी है।




