नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुजरात के कड़ी और विसावदर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। राज्य के कड़ी और विसावदर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 19 जून को होने उपचुनाव होना है। इन दोनों सीटों पर बीजेपी ने को राजेंद्र चावड़ा और किरीटभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इन दो नामों पर रविवार को मुहर लगा दी।
बीजेपी ने अपने बयान में कहा कि, पार्टी ने कड़ी से चावड़ा और विसावदर से पटेल को मौका दिया है। वही, इसके बाद कांग्रेस ने भी कड़ी से पूर्व विधायक रमेश चावड़ा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने विसावदार के लिए अभी तक उम्मीदवार का ऐलान करना बाकी है।
इस वजह से खाली हुई थी दोनों सीटें
दरअसल, अनुसूचित जाति (scheduled caste) के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कड़ी सीट 4 फरवरी को बीजेपी विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के कारण सीट खाली हो गई थी। जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट ‘आप’ विधायक भूपेंद्र भयानी के दिसंबर 2023 में इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। बाद में वह सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसी के चलते इन दोनों सीट पर उपचुनाव 19 जून को होने है।
कड़ी सीट पर बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला
मेहसाणा तहसील पंचायत के पूर्व सदस्य रहे बीजेपी उम्मीदवार राजेंद्र चावड़ा कड़ी से कांग्रेस के रमेश चावड़ा के सामने चुनावी मैदान में है, जो कड़ी निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे हैं। रमेश 2012 में कांग्रेस के टिकट पर कडी से विधायक चुने गए थे। कड़ी सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट मानी जाती है।
जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार किरीटभाई पटेल पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष और जाने-माने सहकारी नेता के तौर पर पहचाने जाते है। इस सीट पर उनकी टक्कर आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता गोपाल इटालिया से है। आप ने जगदीश चावड़ा को कड़ी सीट से उम्मीदवार बनाया है।
नामांकन की आखिरी तारीख आज
इन दोनों सीट खाली होने के बाद 19 जून को उपचुनाव होने है । बता दें कि, चुनाव के लिए मतदान 19 जून को होना है। जबकि, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 2 जून (सोमवार) है।




