कोलकाता, 12 जून (हि.स.)। चुनाव के बाद से ही पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में हिंसा हो रही है। इस पर राज्यपाल ने ट्वीट कर स्थिति पर कई सवाल खड़े किये हैं। पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही हिंसा के माहौल पर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है। शनिवार को उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, “चाणक्य ने कहा था कि जैसे ही भय करीब आए, आगे बढ़ो, उस पर हमला करो और खत्म कर दो। गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर ने भी कहा था कि देश का माहौल ऐसा होना चाहिए जहां मन भय से मुक्त हों और सिर ऊंचा उठा हो।” मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कोलकाता पुलिस और राज्य पुलिस को टैग करते हुए राज्यपाल ने लिखा कि जब लोग डर के साए में रहने लगें तो लोकतंत्र फल फूल नहीं सकता। उल्लेखनीय है कि दो मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार राज्य में राजनीतिक हिंसा जारी है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश / प्रभात ओझा




