नई दिल्ली, 1 दिसंबर ( आईएएनएस) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने विरोधी दलों के प्रदर्शन में शामिल हुए राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम भी सदन में चर्चा चाहते हैं, सकारात्मक सुझाव चाहते हैं। गांधी प्रतिमा के पास विरोधी दलों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें, जिनकी प्रतिमा के पास बैठकर वो हंगामा कर रहे हैं। प्रल्हाद जोशी ने राज्य सभा सांसदों के निलंबन पर कहा कि अगर 12 निलंबित सांसद आना चाहते हैं तो उन्हें माफी मांगकर अपने व्यवहार के लिए खेद प्रकट करना चाहिए। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाहती तो कल दो विधेयक पारित करवा सकती थी लेकिन हमने ऐसा नहीं किया, क्योंकि हम बिल पर चर्चा चाहते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से हाथ जोड़कर अपील करते हुए उनसे सदन में आने और डिबेट में शामिल होने की अपील भी की। –आईएएनएस एसटीपी/आरजेएस




