नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रधान सचिव-2 नियुक्त किया गया है। आरबीआई गवर्नर के रूप में 6 साल तक अपनी सेवाएं देने के बाद शक्तिकांत दास दिसंबर 2024 में रिटायर हुए थे। PK मिश्रा 11 सितंबर 2019 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव हैं। प्रधान सचिव-2 के पद पर शक्तिकांत दास का कार्य प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रमुख प्रशासनिक और नीति संबंधी मुद्दों पर काम करना होगा। इस भूमिका में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर देश के विकास से जुड़े अहम मामलों पर रणनीतिक निर्णय लेंगे।
शक्तिकांत दास PM नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव नियुक्त
सरकारी अधिसूचना में कहा गया कि शक्तिकांत दास को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने कहा कि शक्तिकांत दास की नियुक्ति प्रधानमंत्री के कार्यकाल के साथ या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, समाप्त होगी। इसके साथ ही थिंक टैंक, नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम का कार्यकाल भी 24 फरवरी, 2025 से एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। बता दें कि बीवीआर सुब्रमण्यम को फरवरी 2023 में दो साल के लिए नीति आयोग का सीईओ नियुक्त किया गया था।
कौन हैं शक्तिकांत दास
शक्तिकांत दास भारत के केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 25वें गवर्नर हैं। उन्हें 11 दिसंबर, 2018 को उर्जित पटेल के स्थान पर गवर्नर नियुक्त किया गया था। गवर्नर के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले, दास ने 27 नवंबर, 2017 से 11 दिसंबर, 2018 के बीच आर्थिक मामलों के सचिव और G20 में भारत के शेरपा के रूप में कार्य किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF), G20 और BRICS जैसे विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है।





