नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मोदी सरकार के बीते टर्म में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दिखाई दे रहै हैं। दरअसल, मुजफ्फरनगर से पूर्व सांसद रहे संजीव बालियान ने कहा कि यूपी पुलिस उनकी जान से खिलवाड़ कर रही है। उनकी जान को खतरा है लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ भी एक्शन होता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। इसे बयान के बाद से यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि संजीव बालियान बीजेपी से बगावत करने वाले हैं। बालियान यहीं नहीं रुके बल्कि उन्होंने यह भी कह डाला कि जब पूर्व केंद्रीय मंत्री की बात नहीं सुनी जा रही तो आम जनता का तो क्या ही हाल होता होगा।
संजीव बालियान का योगी आदित्यनाथ को पत्र
रविवार को पूर्व सांसद ने एक सभा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इस बयान के बाद उनसे सुरक्षा वापस ले ली गई थी। बीते दिन बालियान नें सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अपनी बात सामने रखी। बालियान ने कहा कि उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस से जुड़े एक भ्रष्टाचार के मामने को उठाया था जिसके बाद उनकी सुरक्षा हटा ली गई थी। हालांकि SSP अभिषेक सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व सांसद संजीव बालियान की सुरक्षा में एक गनर तैनात किया जाएगा।
पुलिस के खिलाफ लगाए थे ये आरोप
सपा के हरेंद्र मलिक से लोकसभा चुनाव हारे संजीव बालियान मुजफ्फरनगर में विपक्ष की राजनीति करने उतरे थे लेकिन अपनी भी सरकार के खिलाफ मुखर हो बैठे। उन्होंने आरोप लगाया था कि मंसूरपुर डिस्टलरी के कर्मचारियों ने खानूपुर गांव में जमीन अधिग्रहण करके मंदिर और धर्मशाला बनाने की बात कही थी लेकिन धोखाधड़ी से वह जमीन डिस्टलरी ने अपने नाम कर ली। इस बयान के बाद से ही उनसे सुरक्षा वापस ली गई।




