नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। झारखंड में एक बार फिर राजनीतिक उठापटक होने की अटकलें सामने आ रही हैं। जिसमें सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा को तगड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों के मुताबिक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम BJP में जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि चंपई सोरेन तो अगले 1-2 दिन के अंदर दिल्ली में BJP के कुछ बड़े नेताओं से मुलाकात कर BJP की सदस्यता ले सकते हैं। गौरतलब है कि झारखंड में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
सीएम पद से हटाने के बाद से चल रहे हैं नाराज
चंपई के इस पाला बदल का मुख्य कारण उनको मुख्यमंत्री पद से हटाना बताया जा रहा है। जिसके बाद से ही चंपई सोरेन नाराज चल रहे हैं। गौरतलब है कि चंपई सोरेन उस समय सूबे की गद्दी संभाली जब जमीन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल जाना पड़ा था। करीब 5 महीने जेल में रहने के बाद 28 जून को हेमंत सोरेन रिहा हुए। उसके बाद से हेमंत सोरेन ने चंपई को मुख्यमंत्री पद से हटाकर राज्य की सत्ता अपने हाथों में ले ली थी।
JMM के वरिष्ठ नेताओं में होती है चंपई सोरेन की गिनती
चंपई सोरेन की गिनती झामुमो के सबसे वरिष्ठ नेताओं में होती है। चंपई सोरेन 2 फरवरी 2024 से 3 जुलाई 2024 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। वे 7 बार के विधायक हैं। चंपई सोरेन 2005 से लगातार सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करते आ रहे हैं। हेमंत सोरेन ने 2019 में चंपई सोरेन को कैबिनेट मंत्री भी बनाया था। उनके पास परिवहन, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण का कार्यभार था।
इसी साल के अंत तक होंगे चुनाव
झारखंड में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में कुल 82 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें से 1 सीट मनोनित है। यानी चुनाव 81 सीटों पर ही होता है। मौजूदा विधानसभा में 27 विधायकों के साथ झामुमो सबसे बड़ी पार्टी है। सूबे में झामुमो, कांग्रेस, भाकपा-माले और राजद गठबंधन के साथ मिलकर सत्ता चला रही है। कांग्रेस के पास 18, भाकपा माले और RJD के पास 1-1 विधायक हैं।
हिमंत बिस्वा सरमा ने की थी तारीफ
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद असम के मुख्यमंत्री और BJP झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने उनकी तारीफ की थी। सरमा ने पिछले महीने कहा था कि चंपई सोरेन जब झारखंड के सीएम थे तो किसी भी मामले की जानकारी मिलने पर वो तुरंत काम करते थे। वो उन्हें सोशल मीडिया पर भी फॉलो करते थे। हालांकि उनको अब मुख्यमंत्री पद से हटाकर उनका पॉलिटिकल मर्डर किया गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




