मुंबई, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के डेहणेपले इलाके में स्थित फायर वर्क्स नामक फटाखा कंपनी में गुरुवार को भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि करीब 15 किमी की परिधि में घरों की खिड़कियां एवं दरवाजे हिल गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। घटनास्थल पर कई मजदूर फंसे हुए हैं। फायर ब्रिगेड के जवान और दहाणु पुलिस टीम आग बुझाने और यहां फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी है। पुलिस के अनुसार पालघर के दहाणू तहसील में स्थित फटाखा बनाने वाली इस कंपनी में वेल्डिंग का काम जारी था। उसी दौरान कंपनी में तकरीबन 10 बजे जोरदार स्फोट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही घटनास्थल पर फंसे कामगारों को भी सुरक्षित निकालने का काम जारी है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर




