नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के बरेली में एक इंटरमीडिएट कॉलेज के शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला उस कविता को लेकर है जो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। कविता में कांवड़ यात्रा को लेकर की गई टिप्पणी पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और इसे हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शिक्षक की कविता से धार्मिक माहौल बिगड़ सकता है। विरोध के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
कविता को लेकर FIR का सामना कर रहे शिक्षक की पहचान रजनीश गंगवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने बरेली के एक इंटरमीडिएट कॉलेज के असेंबली हॉल में विद्यार्थियों के सामने एक कविता पढ़ी थी। कविता की शुरुआत कुछ इस तरह थी कि “कांवड़ लेने मत जाना, तुम ज्ञान का दीप जलाना…मानवता की सेवा करके, तुम सच्चे मानव बन जाना…कांवड़ ले जाकर कोई एसपी-डीएम नहीं बना है…”। इस कविता में आगे भी कांवड़ यात्रा को लेकर टिप्पणियां की गई थीं, जिन्हें लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध जताया। आरोप है कि कविता धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदू संगठनों ने जताया आक्रोश
वायरल वीडियो बरेली जिले के थाना बहेड़ी क्षेत्र स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है। वीडियो में शिक्षक रजनीश गंगवार छात्रों के सामने कांवड़ यात्रा को लेकर कविता पढ़ते नजर आ रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि एक ओर जहां सावन के महीने में कांवड़ यात्रियों का स्वागत जगह-जगह पुष्प वर्षा से किया जा रहा है और स्वयं मुख्यमंत्री उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं करा रहे हैं। वहीं एक शिक्षक स्कूल में खड़े होकर कांवड़ यात्रा पर विवादित और भड़काऊ कविता सुनाकर धार्मिक भावनाएं आहत कर रहा है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, मामले की जांच जारी
इस मामले में बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि थाना बहेड़ी क्षेत्र स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज के शिक्षक का एक वीडियो वायरल होने के संबंध में 14 जुलाई को तहरीर प्राप्त हुई थी। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीओ ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से बनी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





