नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मुंबई से 80 किलोमीटर दूर लोनावाला में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। दरअसल एक परिवार के कुल 7 लोग लोनावाला स्थित भुशी डैम देखने के लिए आये हुए थे। तभी अचानक से जलस्तर बढ़ गया। जिससे बचने के लिए पूरा परिवार एक पत्थर पर चढ़ गया। तभी एक तेज बहाव में पूरा परिवार बह गया। इस हादसे में 36 वर्षीय एक महिला, 13 साल व 8 साल की दो बच्चियों की लाश बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक बारिश के मौसम में बच्चों की जिद के कारण पूरा परिवार लोनावाला डैम देखने आया हुआ था। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कैसे हुआ हादसा?
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पहले एक बच्ची नदी में गिरी, उसको बचान के लिए महिला भी नदी में कूद गई। फिर एक के बाद एक सभी नदी में कूदते और बहते गए। जिसके बाद राहत व बचाव टीम को मामले की सूचना दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची बचाव टीम ने ऑपरेशन चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला और उसके 2 बच्चों के शव तो मिल गए, लेकिन बाकियों का अभी पता नहीं चल पाया है। राहत व बचाव दल बहे हुए लोगों की तलाश कर रहा है।
पहले से पता था भुशी डैम चल रहा है ओवरफ्लो
गौरतलब है कि सभी लोनावाला जाने वाले सभी पर्यटकों को पता था कि भुशी डैम इस समय ओवरफ्लो चल रहा है। बारिश के चलते डैम का जलस्तर काफी बढ़ चुका है, लेकिन इसके बावजूद सैकड़ों लोग वहां मौजूद रहे। ना इस तरफ प्रशासन ने ध्यान दिया और ना ही पर्यटकों ने इस बात की तवज्जो दी।
दावा किया जा रहा कि यह हादसा दोपहर 1.30 बजे हुआ था। हादसे के दौरान आसपास सैकड़ों पर्यटक किनारे पर मौजूद रहे। उन लोगों ने फंसे हुए लोगों की मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि उन्हें बचाना किसी के बस की बात नहीं थी। इसको लेकर वायरल हुए वीडियो की रफ्तार डेस्क पुष्टि नहीं करता है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in/




