नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आज राज्य मानव अधिकार आयोगों (एसएचआरसी) के साथ सामान्य कार्यक्रम समिति की पहली बैठक आयोजित की। इसकी अध्यक्षता एनएचआरसी के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने की, वहीं अन्य सदस्यों ने इस बैठक में भाग लिया और अपने-अपने सुझाव दिए। दरअसल देश में मानव अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण हेतु तालमेल से काम करने के लिए एक कॉमन एक्शन प्रोग्राम विकसित करने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर, 2021 को एनएचआरसी और एसएचआरसी की पिछली बैठक में कॉमन प्रोग्राम कमेटी का गठन किया गया था। इस बैठक में अरुण मिश्रा ने कहा कि, मानव शक्ति, वित्तीय और बुनियादी ढांचे के संसाधनों के मामले में एसएचआरसी को मजबूत करना आवश्यक है और सभी एसएचआरसी से अनुरोध किया कि वे विशेष रूप से अपने मुद्दों का उल्लेख करें ताकि एनएचआरसी इन्हें संबंधित राज्य सरकारों के साथ उठा सके। मानव अधिकारों से संबंधित कई क्षेत्र हैं जिनमें एसएचआरसी स्थानीय रूप से हस्तक्षेप कर सकता है। इनमें लोगों के जीवन के अधिकार के लिए खतरा पैदा करने वाले पर्यावरण क्षरण के मुद्दे भी शामिल हैं। बैठक में कारागारों और सुधार गृहों में मानसिक स्वास्थ्य विंग के निर्माण, सभी आयोगों द्वारा मानव अधिकार ऐप शुरू करने और शिकायतों के दोहराव को कम करने व तेजी से ट्रैकिंग और प्रोसेसिंग आदि जैसे सुझावों को रखा गया। इसके अलावा इन सुझावों पर प्रकाश डालते हुए एनएचआरसी अध्यक्ष ने कहा कि, पूरे देश में मानव अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण के लिए एक कॉमन एक्शन प्लान को अंतिम रूप देने के लिए सभी सुझावों को और बेहतर बनाया जाएगा। –आईएएनएस एमएसके/एएनएम




